बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर इन दिनों ‘एनिमल’ की सफलता को एंजॉय कर रहे हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिलीज हुए एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने 900 करोड़ से अधिक का कलेक्शन कर लिया है।

हालांकि ‘एनिमल’ में दिखाई गई हिंसा पर कई लोगों ने सवाल भी उठाए हैं, तो वहीं कई लोंगों ने फिल्म को महिला विरोधी भी बताया है। लेकिन फिल्म में रणबीर कपूर की एक्टिंग को खूब सराहा गया है।

रणबीर ने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं, लेकिन ‘एनिमल’ जैसी कामयाबी उन्हें पहले कभी नहीं मिली। इस फिल्म की सफलता के बाद रणबीर के करियर को एक नई उड़ान मिलती दिख रही है।  इस फिल्म ने उन्हें टॉप स्टार्स की लिस्ट में शामिल कर दिया है और अपने काम से उन्होंने लोगों को अपना मुरीद बना लिया है। अब खबर है कि ‘एनिमल’ की सफलता के बाद रणबीर कपूर ने अपनी फीस बढ़ा ली है। 

रणबीर कपूर ने बढ़ाई अपनी फीस

रिपोर्ट्स के मुताबिक रणबीर कपूर ने अपनी फीस डबल कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक  रणबीर कपूर ने ‘एनिमल’ की सफलता के बाद अपनी फीस 30 करोड़ रुपये से बढ़ाकर सीधे 65 करोड़ रुपये के करीब कर ली है। हालांकि एक्टर ने अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। रणबीर से जुड़े एक करीबी की मानें तो उनकी वाइफ आलिया और उनकी मां नीतू कपूर को भी नहीं पता कि एनिमल के बाद रणबीर अपने अगले प्रोजेक्ट के लिए कितनी फीस ले रहे हैं। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स ऐसे भी रहे हैं जिसमें बताया गया कि रणबीर ने ‘एनिमल’ के लिए 70 करोड़ रुपये की तगड़ी फीस वसूली है। अगर रणबीर कपूर ने अपनी फीस बढ़ाई है तो वह पहले ऐसे एक्टर नहीं होंगे, जिन्होंने फिल्म की सफलता के बाद फीस बढ़ाई है। इससे पहले कई बड़े-बड़े एक्टर्स ऐसा कदम उठा चुके हैं। अक्सर फिल्में हिट होने के बाद सेलेब्स ऐसा करते हैं।

साल 2023 में रणबीर कपूर की दो फिल्में हुईं रिलीज

साल 2023 रणबीर कपूर के लिए काफी लकी साबित हुआ है। इस साल एक्टर की दो फिल्म रिलीज हुई हैं। दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया है। मार्च में रिलीज हुई ‘तू झूठी मैं मक्कार’ ने 220 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। इस फिल्म में श्रद्धा कपूर भी अहम भूमिका में थीं। वहीं ‘एनिमल’ अब तक वर्ल्ड वाइड 915 करोड़ रुपए कमा चुकी है। इस तरह दोनों फिल्मों ने मिलाकर 1135 करोड़ का कारोबार किया है।