बॉलीवुड के पावर कपल में से एक रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और आलिया (Alia Bhatt) भट्ट फैंस के पसंदीदा स्टार्स में से एक हैं। ये कपल अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में बने रहते हैं। अब राहा के मम्मी-पापा अपने नए घर को लेकर लाइमलाइट में हैं। दरअसल, उनका ड्रीम होम यानी कृष्णा राज बंगला अब बनकर लगभग तैयार हो चुका है।
उनके इस आलीशान घर का निर्माण उनकी शादी यानी साल 2022 से पहले ही चल रहा था। अब कपल का यह नया घर बनकर तैयार है और अपने लास्ट पड़ाव पर है, जो जल्द ही रहने के लिए तैयार हो जाएगा। इसका एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिखी आलीशान झलकियां
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें बांद्रा (मुंबई) स्थित इस 6 स्टोरी बंगले का पूरा फ्रंटल व्यू दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि इस बंगले की कीमत करीब 250 करोड़ रुपये है। वीडियो में हर बालकनी में हरियाली और अंदर खूबसूरत झूमर नजर आ रहे हैं, जो इस घर को और भी शाही लुक दे रहे हैं।
दिवाली पर शिफ्ट होंगे रणबीर-आलिया?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब सिर्फ इंटीरियर का काम बाकी है, जो अगले एक महीने में पूरा हो जाएगा। ऐसे में रणबीर और आलिया दिवाली के आसपास इस बंगले में शिफ्ट होने का प्लान बना रहे हैं। खास बात यह है कि ये कपल अपनी बेटी राहा कपूर (Raha Kapoor) का तीसरा जन्मदिन भी यहीं मना सकते हैं।
कृष्णा राज बंगले की विरासत
बता दें कि यह बंगला रणबीर की दादी कृष्णा राज कपूर के नाम पर है। पहले यह घर राज कपूर और कृष्णा राज कपूर का निवास था। बाद में इसे ऋषि कपूर और नीतू कपूर को सौंपा गया। अब खबर है कि यह बंगला रणबीर-आलिया की बेटी राहा के नाम पर रजिस्टर्ड किया जाएगा, जो उनके पिता का अपनी बेटी को सबसे बड़ा तोहफा होगा।
वर्कफ्रंट पर रणबीर-आलिया
कपल के काम की बात करें, तो रणबीर और आलिया चार साल बाद एक साथ फिर एक मूवी में नजर आने वाले हैं, जो संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही ‘लव एंड वॉर’ (Love & War) है। इस फिल्म में विक्की कौशल भी अहम रोल में दिखाई देने हैं। बता दें कि यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी। इसके अलावा रणबीर, नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाएंगे, वहीं आलिया यशराज फिल्म्स की स्पाई थ्रिलर ‘अल्फा’ (Alpha) में नजर आएंगी, जो इस साल क्रिसमस पर रिलीज होगी।
यह भी पढ़ें: ‘कैरेक्टर सर्टिफिकेट देने वाले कहां गए?’, निक्की हत्याकांड पर दिशा पाटनी की बहन खुशबू का बयान, बोलीं- हमारी बेटियां…