टीवी का सबसे पॉपुलर सीरियल रामायण हर किसी का फेवरेट रहा है। 90 के दशक के बच्चों का बचपन ही इस सीरियल को देखते हुए बीता है। दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले इस शो को आज भी खूब प्यार मिलता है। हर धर्म के लोगों ने इस सीरियल को खूब प्यार दिया है। 1987 में आए इस शो को कोरोना काल में एक बार फिर से दिखाया गया था।

पौराणिक कथाओं पर आधारित कई शो आए और गए, लेकिन कोई भी रामानंद सागर की ‘रामायण’ जैसी पॉपुलैरिटी किसी शो को नहीं मिली। इसमें भगवान राम और माता सीता का रोल प्ले करने वालों को आज भी लोग भगवान का दर्जा देते हैं। वहीं अब रामानंद सागर के बेटे अपने पिता की विरासत को आगे ले जाने के लिए रामायण पर आधारित एक नया प्रोजेक्ट लेकर आए हैं।

इसमें रामायण की अनसुनी कहानियां होंगी। रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर नारायण इसमें दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी को भी कास्ट करना चाहते हैं। वहीं राम के लिए वह नए चेहरे की खोज में हैं। प्रेम सागर की ‘रामायण’ रामानंद सागर की ‘रामायण’ से काफी अलग होगा। इसमें क्या कुछ होगा नया आइए आपको बताते हैं। 

प्रेम सागर ला रहे हैं रामायण की अनसुनी कहानियां

रामानंद सागर के बेटे प्रेमानंद ने अपने नए प्रोजेक्ट के बारे में ईटाइम्स से बात करते हुए कहा कि “मैं रामायण पर सीरियल लाने के बारे में सोच रहा हूं, लेकिन यह अलग होगी। यह पापा जी की रामायण नहीं है, क्योंकि उसको दोबारा नहीं बनाया जा सकता। वह तो आइकॉन है। उसके जैसा कुछ दोबारा बनाना मूर्खता ही होगी। वाल्मीकि, तुलसीदास और रामानंद सागर की रामायण की नकल नहीं की जा सकती। मेरी रामायण अलग तरह का सब्जेक्ट है। हम रामायण सीता के पॉइंट ऑफ व्यू से बना सकते हैं। हनुमान के पॉइंट ऑफ व्यू से बना सकते हैं। या फिर श्री राम के सबसे बड़े भक्त कागभुसुंडि की नजर से बनाया जा सकता है। हम वही प्लान कर रहे हैं। आधा कौआ और आधा इंसान बनाना चैलेंजिंग होगा। हम अलग तरह की रामायण की प्लानिंग कर रहे हैं। जैसे जब रावण मरा था, तब शूर्पणखा ने तांडव किया था। भाई के मरने पर खुश भी हुई थी। कम ही लोग जानते हैं कि रावण ने शूर्पणखा के पति को मारा था।”

राम के रोल की तलाश

प्रेम ने आगे कहा कि “अरुण गोविल राम बन चुके हैं, उनको दोबारा राम नहीं बनाया जाएगा। मैं एक नए राम की खोज कर रहा हूं। मैं किसी ऐसे आदमी को ढूंढ रहा हूं जिसने कभी राम का रोल नहीं किया हो। लेकिन मेरे मन में जो राम है, वैसे ही किसी को साइन करना है। राम विष्णु अवतार हैं जो कहीं भी नहीं दिखाते कि मैं भगवान हूं। मैं इसमें पूरी तरह से निपुण हो जाऊंगा, लेकिन इसके एपिसोड का निर्देशन कोई और करेगा। टेक्निकल व्यू से पुराने रामायण में से कोई भी इसमें नहीं होगा।”

कहां देख सकेंगे शो

प्रेम सागर का ‘रामायण’ दूरदर्शन पर टेलीकास्ट किया जाएगा। इस शो के लिए दो गाने लिखे गए हैं। इसका मुखड़ा है ‘राम आएंगे, लीला राम की सुनाएंगे, राम आएंगे’। इसमें श्रीराम के गुणों का गुणगान होगा। उनका अपने कर्तव्यों का पालन करना सहित उनसे जुड़ी कई अनसुनी बातों को बताया जाएगा।