बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ का टीजर बीते 2 अक्टूबर को अयोध्या की राम जन्मभूमि में लांच किया गया था। टीजर सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म में एक्टर्स के लुक को लेकर तो लोग खिंचाई कर ही रहे हैं, हॉलीवुड को कॉपी करने का भी आरोप लग रहा है।

फिल्म के एक सीन में राम का किरदार निभा रहे प्रभास को चप्पल पहने दिखाया गया है। तो वहीं, रावण का रोल कर रहे सैफ अली खान स्पाइक हेयरकट में दिखे। लोग इसका मजाक बना रहे हैं। उधर फिल्म के निर्माताओं का कहना है कि टीजर 2D में रिलीज किया गया है, इसलिए शायद लोगों को यह पसंद नहीं आ रहा है।

सैफ अली खान के लुक पर सवाल

फिल्म में सैफ अली खान रावण के किरदार निभा रहे हैं। रावण के किरदार को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताई है। यूजर्स का कहना है कि रावण एक शिव भक्त थे। जबकि सैफ रावण के लुक में मुग्लों के खूंखार शासक लग रहे हैं। लोग सैफ के लुक्स को लेकर भी उन पर निशाना साध रहे हैं। यूजर्स उन्हें औरंगजेब , तैमूर, अल्लाउद्दीन खिलजी, बाबर, मोहम्मद गजनी जैसे आक्रमणकारियों के नामों के टैग दे रहे हैं।

इसी के साथ एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि ‘सैफ को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे रावण ने अपना धर्म परिवर्तन कर इस्लाम को अपना लिया हो।’ गायत्री नाम की यूजर ने लिखा कि ‘रावण ब्राह्मण था। एक विद्वान जिसने शिव तांडव की रचना की थी। उसे वेदों का ज्ञान था और वह एक महान ज्योतिषी भी था। सैफ अली खान की यह तस्वीर कहीं से भी रावण की नहीं लगती है। उस समय एक दक्षिण भारतीय ब्राह्मण अपने माथे पर कुमकुम लगाता था। यह बर्बर आक्रमणकारी तैमूर की तस्वीर है।’

केआरके ने किया ट्वीट

बता दें कि प्रभास की इस फिल्म पर बॉलीवुड एक्टर ने भी तंज कसा हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘फिल्म आदिपुरुष का टीजर निर्माता भूषण कुमार की एक बड़ी गलती का सबूत है। जिन्होंने फिल्म को बनाने में 450 करोड़ से ज्यादा खर्च किए हैं। सिर्फ 3 घंटे में रामायण की व्याख्या नहीं की जा सकती। जबकि सीरियल रामायण में हर एक डिटेल पहले ही दिखाई जा चुकी है।’