Ram Charan Lucky Charm Actress: तेलुगु सिनेमा के ग्लोबल स्टार बन चुके राम चरण (Ram Charan) इन दिनों जान्हवी कपूर के साथ अपनी नई जोड़ी को लेकर चर्चा में हैं। दोनों अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ में नजर आने वाले हैं। बीते दिन ही इस फिल्म का टीजर जारी किया जा चुका है, जिसने सोशल मीडिया पर काफी तारीफें बटोरी। हालांकि, फिल्म से एक्ट्रेस जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor) का लुक अभी सामने नहीं आया है, जिस पर सस्पेंस बरकरार है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि राम चरण और जान्हवी की जोड़ी को दर्शकों से कैसा रिस्पांस मिलता है। आप इस जोड़ी को पर्दे पर देखें इससे पहले आपको राम की उस हीरोइन के बारे में बताते हैं, जिसके साथ उन्होंने जब भी काम किया तो ब्लॉकबस्टर फिल्म दी। यहां तक कि उन्होंने जब पहली बार साथ में काम किया तो वो कल्ट फिल्म साबित हुई, जिसे लोग आज तक पसंद करते हैं। वो हिंदी में अजय देवगन के साथ भी रोमांस कर चुकी हैं। चलिए बताते हैं राम चरण की लकी चार्म मानी जाने वाली एक्ट्रेस और उनके साथ दी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बारे में…

वैसे तो राम चरण ने साउथ में कियारा आडवाणी, तमन्ना भाटिया, सामंथा रुथ प्रभु और नेहा शर्मा जैसी अभिनेत्रियों के साथ काम किया है लेकिन, इस लिस्ट में एक ऐसी अभिनेत्री का नाम भी शामिल है, जिसे उनका लकी चार्म माना जाता है। ये कोई और नहीं बल्कि अभिनेत्री काजल अग्रवाल हैं। जी हां, आपने सही पढ़ा। काजल साउथ के साथ-साथ हिंदी में भी काम कर चुकी हैं। यहां वह अजय देवगन के साथ ‘सिंघम’ में नजर आई थीं, जो कि ब्लॉकबस्टर रही थी। वहीं, साउथ में काजल की जोड़ी को राम चरण के साथ काफी पसंद किया गया। दोनों ने जब पहली बार साथ काम किया था तभी से उनकी जोड़ी को हिट माना जाता है।

7 सालों में 8 फिल्में, काजल अग्रवाल के साथ सबसे ज्यादा दी ब्लॉकबस्टर

राम चरण ने फिल्मों में करियर की शुरुआत 2007 में की थी। उनकी पहली फिल्म ‘चिरुथा’ थी। इसमें उनके साथ एक्ट्रेस नेहा शर्मा थीं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। इसके बाद करियर के शुरुआती दिनों में राम चरण तेजा ने 7 सालों में 8 फिल्मों में काम किया था और उनकी जोड़ी इंडस्ट्री की लीडिंग एक्ट्रेस के साथ देखने के लिए मिली थी। इस बीच उनके लिए जो लकी अभिनेत्री मानी गई थीं, वह कोई और नहीं बल्कि काजल अग्रवाल रहीं। काजल के साथ राम ने 4 फिल्मों में काम किया और इन चारों फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सबसे अच्छा परफॉर्म किया। दोनों ने डेब्यू फिल्म से ही रिकॉर्ड बना दिया था।

काजल के साथ राम चरण ने पहली ही दी ब्लॉकबस्टर

राम चरण ने ‘चिरुथा’ से डेब्यू करने के बाद काजल अग्रवाल के साथ दूसरी फिल्म की, जिसका टाइटल ‘मगधीरा’ था। इसका निर्माण एसएस राजामौली ने किया था। ये फिल्म उनके करियर का टर्निंग प्वॉइंट रही, जो बड़ी हिट रही थी। फिल्म के नाम कई रिकॉर्ड्स हैं। इसमें काजल और राम की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। इसके बाद राम ने जेनेलिया डिसूजा और तमन्ना के साथ फिल्म ‘ऑरेंज’ और ‘राचा’ में किया। इन फिल्मों ने ठीक-ठाक परफॉर्म किया। लेकिन, सभी की सभी ‘मगधीरा’ से नीचे-नीचे ही रहीं।

काजल के साथ राम चरण ने की दूसरी फिल्म

इसके बाद राम चरण ने फिर से एक्ट्रेस काजल अग्रवाल के साथ काम किया। दोनों की जोड़ी फिल्म ‘नायक’ में नजर आई, जिसे साल 2013 में रिलीज किया गया था। ये दूसरी फिल्म रही, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। काजल और राम की जोड़ी इस दूसरी फिल्म में भी खूब पसंद की गई और दोनों के नाम एक और ब्लॉकबस्टर दर्ज हो गई।

बॉलीवुड में फ्लॉप डेब्यू के बाद साउथ में एक और हिट

राम चरण ने इसके बाद प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म ‘तूफान’ के जरिए डेब्यू किया। हालांकि, फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। ये अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘जंजीर’ का रीमेक थी। इसके बाद राम चरण ने हिंदी फिल्मों में काम नहीं किया और साउथ में वापसी करते हुए ‘येवडु’ में काम किया। इसमें उनके साथ एक्ट्रेस श्रुति हासन थीं। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी। इसमें अल्लू अर्जुन के अपोजिट काजल अग्रवाल का सपोर्टिंग रोल था, जिसे लोगों ने खूब सराहा था।

राम चरण और काजल की चौथी हिट फिल्म

वहीं, राम चरण और काजल अग्रवाल को एक बार फिर से यानी कि चौथी बार फिल्म Govindudu Andarivadele के जरिए स्क्रीन पर देखा गया। ये फिल्म भी सुपरहिट रही और इसके बाद से राम चरण के लिए काजल को लकी चार्म माना जाने लगा। इनकी केमिस्ट्री और एक्टिंग दर्शकों को खूब भाती है। काजल और राम चरण की जोड़ी इंडस्ट्री की सफल जोड़ियों में से एक है।

कहां हैं काजल अग्रवाल?

काजल अग्रवाल आज भी फिल्मों में काम कर रही हैं लेकिन, पहले के मुकाबले उनकी स्क्रीन अपीयरेंस काफी कम हो गई है। गौतम कीचलू संग शादी और एक बेटे की मां बनने के बाद एक्ट्रेस कुछ समय तक फिल्मों से दूर रही थीं। लेकिन, पिछले साल उन्हें कमल हासन की फिल्म ‘इंडियन 2’ में देखा गया था, जो कि फ्लॉप साबित हुई थी। वहीं, अगर आने वाली फिल्मों की बात की जाए तो वो फिल्म ‘कनप्पा’ में नजर आने वाली हैं। इसमें वो देवी पार्वती की भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म 25 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

कब रिलीज होगी राम चरण की ‘पेड्डी’

बहरहाल, अगर राम चरण की अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ की रिलीज की बात की जाए तो इसे अगले साल यानी कि 27 मार्च, 2026 को रिलीज किया जाएगा। फिल्म का टीजर पहले ही जारी हो चुका है, जिसे देखकर ये कहा जा सकता है कि एक्शन और स्पोर्ट्स ड्रामा होगी। इसके जरिए जान्हवी के साथ वो पहले बार स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इसका निर्माण बुची बाबू कर रहे हैं। गौरतलब है कि एक्टर को आखिरी बार फिल्म ‘गेम चेंजर’ में देखा गया था, जिसे पॉजिटिव रिव्यू तो मिले थे लेकिन, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास परफॉर्म नहीं कर पाई थी। RRR के बाद राम ने एक भी हिट फिल्म नहीं दी है। ऐसे में फैंस देखने के लिए बेताब हैं कि वो इस फिल्म से कुछ खास कमाल दिखा पाते हैं या नहीं।

‘बच्चों के शरीर टुकड़े-टुकड़े हो गए’, स्वरा भास्कर ने फिलिस्तीन का किया समर्थन, बोलीं- ‘नरसंहार को बस…’