रोमांटिक हीरो की परफेक्ट इमेज वाले ऋषि कपूर के पीछे उस वक्त लाखों-करोड़ों लड़कियां दीवानी थीं। फिल्म बॉबी के बाद से ऋषि कपूर की डिमांड काफी बढ़ गई थी। इसी बीच अमिताभ बच्चन भी अपनी फिल्म ‘जंजीर’ से सुपरस्टार बन गए थे। अमिताभ की जंजीर ‘सलीम जावेद’ की जोड़ी ने मिल कर लिखी थी। सलीम खान और जावेद अख्तर ने मिलकर 70 के दशक में एक से बढ़कर एक स्क्रिप्ट तैयार की थीं। इनकी ज्यादातर फिल्मों के मेन हीरो अमिताभ बच्चन ही होते थे। इतना ही नहीं अमिताभ बच्चन को ध्यान में रख कर ही फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार की जाती थीं।
ऐसी ही एक फिल्म जब बन रही थी उसके मेन हीरो अमिताभ बच्चन थे। इस फिल्म का नाम था-त्रिशूल। फिल्म त्रिशूल में एक रोल ऋषि कपूर के लिए भी था। फिल्म ऋषि कपूर को ऑफर हुई, लेकिन ऋषि कपूर ने इस फिल्म में काम करने से साफ इनकार कर दिया। सलीम और जावेद को जब इस बारे में पता चला तो उन्हें ऋषि कपूर पर काफी गुस्सा आया। दरअसल, ये रोल सलीम-जावेद ने ऋषि कपूर को ध्यान में रख कर बनाया था। लेकिन ऋषि कपूर तो फिल्म को करने से इनकार कर चुके थे।
कहा जाता है उस दौर में सलीम जावेद की लिखी फिल्म के लिए कोई भी स्टार अगर मान कर देता था तो उसका करियर ध्वस्त होने लगता था। माना जाता है कि ऐसा ही कुछ हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ भी हुआ था। ऐसे में जब ऋषि कपूर ने सलीम जावेद की फिल्म में काम करने से मना किया तो सलीम खान ने ऋषि कपूर को इस ओर ध्यान दिलाया था।
दरअसल, एक बार जब सलीम खान की मुलाकात ऋषि कपूर से हुई तो उन्होंने एक्टर से पूछा कि फिल्म के लिए ना कहने का कारण क्या था? इस पर ऋषि कपूर ने बिना झिझक के कहा था कि उन्हें वो रोल पसंद नहीं आया था जो उन्हें मिला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पर सलीम खान ने ऋषि कपूर से कहा था- ‘हमारी फिल्म में काम न करने का अंजाम जानते हो? राजेश खन्ना ने भी हमारी फिल्म में काम करने से मना कर दिया था।’
इसके बाद फिल्म त्रिशूल में अमिताभ बच्चन (विजय), संजीव कुमार (आर के गुप्ता), शशि कपूर (शेखर गुप्ता), हेमा मालिनी (शीतल वर्मा), रखी (गीता), वहीदा रहमान (शांति) नजर आए थे। इस मल्टीस्टारर फिल्म में जो रोल ऋषि कपूर का था उसे सचिन पिलगाओंकर ने निभाया था।
बता दें, सलीम-जावेद की जोड़ी द्वारा लिखी गई फिल्में सुपरहिट साबित होती थीं। सलीम जावेद की जोड़ी ने साल 1971 से लेकर 1987 तक साथ में काम किया। इस दौरान इन्होंने 24 फिल्मों में साथ काम किया था। इनमें से 20 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थीं।