बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राजेश खन्ना ने अपनी फिल्मों और अपने अंदाज से हिंदी सिनेमा में जबरदस्त पहचान बनाई थी। राजेश खन्ना ने फिल्म ‘आखिरी खत’ से डेब्यू किया था और उन्हें हिंदी सिनेमा का ‘पहला सुपरस्टार’ भी कहा जाता था। 18 जुलाई, साल 2012 को राजेश खन्ना ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके आखिरी वक्त पर डिंपल कपाड़िया से लेकर एक्स गर्लफ्रेंड अंजू महेंद्रू भी उनके साथ मौजूद थीं। काका के निधन पर अंजू महेंद्रू के आंसू तक नहीं रुक रहे थे।
राजेश खन्ना और अंजू महेंद्रू से जुड़ा यह खुलासा एक्टर महेश भट्ट ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिये इंटरव्यू में किया था। महेश भट्ट ने काका की मौत के बारे में बात करते हुए कहा था, “जैसे ही मुझे राजेश खन्ना के निधन के बारे में पता चला, मेरे दिमाग में तुरंत ही अंजू का ख्याल आया, क्योंकि मैं जानता था कि वह उनके निधन से काफी प्रभावित हुई होंगी।”
राजेश खन्ना और अंजू महेंद्रू के बारे में बात करते हुए महेश भट्ट ने आगे बताया, “मैं किसी तरह से देर रात अंजू महेंद्रू के घर पहुंचा और वहां जाकर मुझे पता चला कि आखिरी समय में वह और काका साथ आ गए थे। वह काका की मेडिकल जरूरतों का ख्याल रखती थीं और उनके साथ अस्पताल तक भी जाती थीं।”
महेश भट्ट ने अंजू महेंद्रू के बारे में बात करते हुए आगे कहा, “अपने आंसुओं को रोकते हुए अंजू ने मुझसे केवल एक ही बात कही थी, “मेरी केवल एक ही सांत्वना है और वह यह है कि जिस वक्त उन्होंने आखिरी सांस ली, मैंने उनका हाथ थामा हुआ था।” अंजू महेंद्रू के बारे में राजेश खन्ना की खास दोस्त भारती प्रभाद ने भी बताया था कि निधन के वक्त वह अपने आंसू नहीं रोक पा रही थीं।
भारती प्रधान ने अंजू महेंद्रू के बारे में बात करते हुए कहा था, “श्मशान घाट में अंजू राजेश खन्ना के बाकी परिवार वालों के साथ थीं। जब उन्होंने काका के नाति आरव को उन्हें अग्नि देते देखा तो वह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाईं।” बता दें कि अंजू महेंद्रू और राजेश खन्ना कॉलेज के दिनों से ही एक-दूसरे को जानते थे। संघर्ष के दिनों में एक्ट्रेस ने ही सबसे ज्यादा काका का साथ दिया था।