बहुत जल्द Big Boss OTT का दूसरा सीजन शुरू हो रहा है। ‘बिग बॉस ओटीटी’ के होस्ट को लेकर खबर सामने आ चुकी है कि ये सीजन करण जौहर नहीं बल्कि सलमान खान होस्ट करने वाले हैं। इसी के साथ शो के कंटेस्टेंट्स के नाम को लेकर भी कयास लगना शुरू हो चुका है। चारू असोपा के पति और सुष्मिता सेन के भाई राजीव सेन के नाम भी शो के लिए सामने आ रहा है। इस खबर पर अब खुद राजीव सेन ने चुप्पी तोड़ी है।
अफवाहों को खारिज करते हुए राजीव ने सच्चाई बताई है। राजीव ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि वह ‘बिग बॉस ओटीटी-2’ का हिस्सा बनना चाहते हैं, लेकिन बन नहीं रहे हैं। किसी कारण से उन्होंने शो में न जाने का फैसला लिया है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि शो में न जाने का कारण उनकी पत्नी चारू असोपा तो नहीं हैं।
‘खतरों के खिलाड़ी’ में जाने की थी खबर
राजीव सेन और चारू असोपा का नाम रोहित शेट्टी के शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के लिए भी सामने आ रहा था। इस खबर पर दोनों एक्टर्स ने कहा था कि उन्हें शो की टीम ने अप्रोच किया है। हालांकि इनमें से कोई भी शो का हिस्सा नहीं है। Khatron Ke Khiladi की शूटिंग शुरू हो चुकी है और टीवी जगत के तमाम एक्टर्स इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
राजीव सेन अपनी पत्नी एक्ट्रेस चारू असोपा संग बिगड़े रिश्ते को लेकर लंबे समय से सुर्खियों में बने हुए हैं। दोनों ने साल 2019 में एक दूसरे से शादी की थी और अब वह तलाक ले रहे हैं। शादी के तुरंत बाद इनके रिश्ते में खटास आ गई थी, हालांकि दोनों ने एक दूसरे को मौका दिया और साथ रहने लगे। इस दौरान चारू ने बेटी जियाना को जन्म दिया। लेकिन रिश्ते में सुधार नहीं आया।
चारू बीते कई महीनों से बेटी के साथ अलग रह रही हैं। हाल ही में उन्होंने नया घर खरीदा है। जहां वह और जियाना ही रहते हैं। राजीव भी अपनी बेटी से मिलते रहते हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने कहा था कि वह जियाना के पिता होने के अलावा चारू के साथ अच्छे दोस्त की तरह रहना चाहते हैं। हालांकि एक वक्त ऐसा भी था जब चारू और राजीव ने एक दूसरे पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।