बॉलीवुड के ‘शो-मैन’ यानी राज कपूर को लेकर कई कहानियां मशहूर हैं। राज कपूर की लोकप्रियता भारत ही नहीं रूस और चीन में भी काफी ज्यादा थी। राज कपूर विशेष निमंत्रण पर रूस जाया करते थे और यहां उनके शो होते थे जिसे वहां के लोग काफी पसंद भी करते थे। राज कपूर की शराब को लेकर भी एक किस्सा काफी चर्चित है। राज कपूर शराब पीने के बहुत शौकीन थे और वह कोई आम शराब नहीं पी सकते थे।

राज कपूर ने अपने लिए एक ब्रांड भी चुन रखा था और वह उसी ब्रांड की शराब पीना पसंद करते थे। रणधीर कपूर ने भी इसका जिक्र किया है कि आखिर राज कपूर को शराब को लेकर कैसा क्रेज था। रणधीर ने बताया था, ‘डैड कोई भी शराब नहीं पीते थे। उन्हें हमेशा ‘जॉनी वॉकर’ ब्लैक लेबल व्हिस्की चाहिए होती थी, वो भी लंदन से खरीदी हुई।’ राज कपूर यहां तक कि पार्टीज़ में भी अपने घर से ही शराब ले जाया करते थे।

लंदन से खरीदी हुई शराब सिर्फ करीबी दोस्तों को पिलाते थे: मधु कपूर ने इसका जिक्र अपनी किताब में भी किया है। मधु लिखती हैं, ‘राज कपूर अपनी ब्लैक लेबल व्हिस्की पर अपना बहुत अधिकार जताते थे। वो जब पार्टियों में भी जाते थे अपनी शराब घर से ले जाते थे। शराब देने में भी वो एक तरह की जाति व्यवस्था का पालन करते थे। लंदन से खरीदी हुई ब्लैक लेबल वो खुद पीते थे और अपने बहुत खास लोगों को पिलाते थे।’

मधु आगे बताती हैं, ‘तनूजा उनमें से एक थीं। दुबई से खरीदी हुई ब्लैक लेबल वो अपने दूसरे दोस्तों के लिए रखते थे और आखिर में दिल्ली और मुंबई से खरीदी हई ब्लैक लेबल उनके बेटों के हिस्से में आती थी। रणधीर कपूर को बहुत बुरा लगता था कि तनूजा को तो लंदन में खरीदी हुई व्हिस्की मिल रही है और उन्हें भारत में खरीदी हुई।’ राज कपूर की प्रेम कहानी भी कम प्रचलित नहीं है।

राज कपूर और नरगिस एक-दूसरे से बेइंतेहा मोहब्बत करते थे। हालांकि दोनों का प्यार शादी तक नहीं पहुंच पाया। नरगिस के प्यार में राज कपूर इतना टूट गए थे कि शराब पीकर बहुत रोया करते थे। इस बात का जिक्र खुद उनकी पत्नी कृष्णा ने किया है। कृष्णा कपूर ने बताया था, ‘राज कपूर बहुत शराब पीने लग गए थे। वह देर रात घर लौटते थे और टब में लेट जाया करते थे। उन्होंने बहुत शराब पी रखी होती थी। वह बुरी तरह रोया करते थे। मुझे पता था कि वह नरगिस को याद करके रोते थे।’