विनोद खन्ना हों या बरखा मदान बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटीज ऐसे रहे हैं जिन्होंने ग्लैमर छोड़कर अध्यात्म का मार्ग अपनाया है। इसमें नया नाम राहुल रॉय की बहन का जुड़ा है। आशिकी से डेब्यू करते ही सुपरस्टार बनने वाले राहुल रॉय की मु्ंहबोली बहन पिया ग्रेस रॉय कभी मॉडल हुआ करती थीं, बाद में एक बिजनेसवुमन भी बनीं। मगर फिर उन्होंने संन्यास का मार्ग चुना और दुनिया से विरक्त नई जिंदगी शुरू कर दी।

फेमस मॉडल होने के साथ पिया एक टैलेंट मैनेजमेंट फर्म भी चलाती थीं। सोशल मीडिया पर उनके मिलियन्स में फॉलोवर्स भी हैं। मगर फिर सबकुछ छोड़कर उन्होंने ब्रह्मचारिणी बनने का फैसला किया और अपना नाम भी बदल लिया है। पिया से अब वो हो गई हैं हरि मां प्रियंका। उनके भाई राहुल रॉय अक्सर उनसे मिलने जाते रहते हैं। वो अपनी बहन को अपना गुरु भी मानते हैं। राखी पर भी उनकी तस्वीर सामने आई थी। तस्वीर खुद राहुल रॉय ने अपने इंस्टाग्राम से शेयर की थी और लिखा था: Happy Rakshabandhan हरि मां, मेरी बहन, मेरी गुरु हरि मां प्रियंका।

पिया ने की है रोमर सेन से शादी

इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर नजर डालें तो पिया का एक मॉडल के तौर पर आखिरी पोस्ट साल 2020 का था। पिया ने रोमर सेन से शादी की है और वो खुद को शादीशुदा ब्रह्मचारिणी कहती हैं। उनके पति भी उनके साथ खड़े रहते हैं और अक्सर साथ में तस्वीरें शेयर करते हैं। पिया के पति रोमर एक ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और ऑटोमोबाइल और होटल समीक्षक हैं। पिया एक सिंगर भी हैं और उन्होंने मार्शल आर्ट्स भी सीखा है।

राहुल रॉय और पिया के बीच है खास रिश्ता

राहुल रॉय ने फिल्म ‘आशिकी’ से डेब्यू किया था ये फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और राहुल रॉय एक बड़े स्टार बन गए। उन्होंने बैक टू बैक 10 दिन में 47 फिल्में साइन कर डालीं, मगर कई फिल्में शुरू होने से पहले ही बंद हो गईं और कई फिल्में फ्लॉप हो गईं। पूरे करियर में राहुल ने सिर्फ एक ही हिट फिल्म दी। उसके बाद राहुल रॉय बिग बॉस में नजर आएं और बिग बॉस की ट्रॉफी अपने नाम की। राहुल को जब पैरालिसिस अटैक आया तो उनकी सेवा करने के लिए सबसे आगे उनकी मुंहबोली बहन पिया आईं। वो दिन रात उनकी सेवा करतीं और राहुल उन्हें दिल से अपनी बहन मानते हैं। राहुल पिया को अपनी प्रेरणा और गुरु भी बताते हैं।

हरि मां प्रियंका ने की महाराष्ट्र सीएम से मुलाकात

हाल ही में पिया ने महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की गईं।