कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने भाजपा पर भी जमकर हमला किया। रैली के बीच ही उन्होंने हिंदुत्ववादी और हिंदुओं पर बयान दिया और कहा कि यह देश हिंदुओं का है हिंदुत्ववादियों का नहीं। कांग्रेस नेता ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि साल 2014 से ही देश पर हिंदुत्ववादियों का राज है, लेकिन अब हिंदुओं को वापस लाना पड़ेगा। राहुल गांधी के इस बयान पर अब फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने तंज कसा है।
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने राहुल गांधी के बयान को सांप्रदायिक बताया, साथ ही उन्हें तथाकथित धर्मनिरपेक्षवादी भी कहा। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा, “क्या यह बयान राजनेताओं द्वारा हाल ही में दिए गए सांप्रदायिक बयानों में से एक नहीं है। क्या उनका मतलब है कि यह देश ईसाइयों, मुस्लिमों और अन्य धर्मों का नहीं है।”
फिल्म निर्माता अशोक पंडित यहीं नहीं रुके। उन्होंने राहुल गांधी पर सवाल करते हुए आगे कहा, “क्या यह तथाकथित धर्मनिरपेक्षतावादी राहुल गांधी अपने इस गैर जिम्मेदाराना बयान का जवाब देंगे?” राहुल गांधी को लेकर किया गया फिल्म निर्माता अशोक पंडित का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, साथ ही यूजर इसपर खूब कमेंट भी कर रहे हैं।
एक यूजर ने फिल्म निर्माता अशोक पंडित के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “सर रैली में इतने ढेर सारे लोगों को देखकर आप परेशान तो नहीं हो गए।” घनश्याम नाम के यूजर ने लिखा, “आप डबल ढोलकी, आप सांप्रदायिक बयानों के बारे में बात कर रहे हैं। कुछ तो शर्म कीजिए।”
फारूक नाम के यूजर ने फिल्म निर्माता अशोक पंडित के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “पहले सीखिये कि हिंदू क्या है और सनातन धर्म क्या है। पता नहीं ट्रोल बनने के चक्कर में लोग अपना अस्तित्व ही क्यों खो देते हैं। आराम से पढ़िएगा कि भारत को हिंदुस्तान भी क्यों कहा जाता है।” बता दें कि इससे पहले फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर गोवा डांस के लिए तंज कसा था।
अशोक पंडित ने प्रियंका गांधी के डांस वीडियो पर ट्वीट किया था, “जब पूरा राष्ट्र हमारे बहादुर जवानों की मौत से गमगीन है, तब मैडम प्रियंका गांधी डांस करने में व्यस्त हैं। इन जैसे लोगों के लिए जवानों की जिंदगी कोई मायने नहीं रखती है।”
