दहेज के लिए उकसाने के मामले में कांदीवली पुलिस इस सप्ताह कभी भी धर्म गुरु सुखविंदर कौर उर्फ राधे मां से पूछताछ कर सकती है। पुलिस ने उन्हें रविवार को मुंबई आने पर सम्मन जारी कर दिया था। सम्मन जारी होने के बाद राधे मां ने एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन कर कहा कि अगर उसके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित हो जाते हैं तो किसी भी परिणाम के लिए तैयार होंगी।

सोमवार को पत्रकारों से मुखातिब होते हुए राधे मां ने खुद को बेकसूर बताया और कहा कि उन पर लगाए गए तमाम आरोप बेबुनियाद हैं। राधे मां ने कहा कि उन्हें ईश्वर पर भरोसा है। भगवान उन पर अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि अगर निक्की गुप्ता के लगाए गए आरोप साबित हुए तो वह उसके परिणाम भोगने के लिए तैयार होंगी। उन्होंने इस मौके पर ‘सचाई छुप नहीं सकती बनावट के उसूलों से, खुशबू आ नहीं सकती कभी कागज के फूलों से’ शेर पढ़कर अपना पक्ष रखा।

दूसरी ओर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रविवार को उन्हें सम्मन भेज दिया है और चार दिनों के अंदर राधे मां को पुलिस के सामने हाजिर होना पड़ेगा। निक्की गुप्ता नामक एक महिला ने अपने ससुरालवालों द्वारा दहेज मांगने के बाद मुंबई के कांदीवली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसके ससुरालवाले राधे मां के कहने पर उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं। निक्की के मुताबिक उसके ससुरालवाले राधे मां को देवी का अवतार समझते हैं और राधे मां के कहने पर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे हैं।

PHOTOS: राधे मां ने कहा: मैं अपनी जान ले लूंगी अगर…

पुलिस ने इस मामले में राधे मां को आरोपी क्रमांक सात बनाया था। निकी ने अपने पति नकुल गुप्ता, सास लता गुप्ता, ससुर दौलत कुमार गुप्ता, देवर संदीप गुप्ता, जगमोहन गुप्ता और भौजाई ज्योति गुप्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। मामले में सातवीं आरोपी राधे मां हैं। दूसरी ओर राधे मां के खिलाफ बोरीवली पुलिस थाने में सामाजिक कार्यकर्ता फाल्गुनी ब्रम्हभट्ट ने भी राधे मां के खिलाफ अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया है।

एक ओर राधे मां पर अलग-अलग तरह के आरोप लग रहे हैं दूसरी ओर कई नामीगिरामी लोग राधे मां की तरफदारी करते नजर आ रहे हैं। फिल्मकार सुभाष घई, गायक अनूप जलोटा से लेकर अभिनेत्री राखी सावंत तक राधे मां पर लगे आरोपों से असहमति जता रहे हैं। सुभाष घई का कहना है कि राधे मां को जबरन परेशान किया जा रहा है। अनूप जलोटा का कहना है कि राधे मां के चेहरे पर लंबे तप करने के बाद आनेवाली चमक नजर आती है। राखी सावंत उन्हें मासूम देवी बताते हुए कहती हैं कि राधे मां का पहनावा और आभूषण उन्हें पसंद है।