Deepfake Case main Accused Arrested: पिछले कुछ समय से डीपफेक के कई मामले सामने आए। इसमें रश्मिका मंदाना, कटरीना कैफ और आलिया भट्ट जैसी एक्ट्रेस के नाम शामिल हैं, जो इसका शिकार हो चुकी हैं। बीते दिनों सोनू सूद और सचिन तेंदुलकर तक का भी डीपफेक वीडियो सामने आया। इसी बीच अब इस मामले में पुलिस की ओर से बड़ा एक्शन लिया गया। रश्मिका मंदाना के डीपफेक वीडियो के मामले में एक शख्स की गिरफ्तारी की गई है, जिसे इस मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। डीपफेक मामले में दिल्ली पुलिस ने 10 नवंबर को एफआईआर दर्ज की थी। गिरफ्तार आरोपी का नाम पहले भी कई साइबर से संबंधित मामलों में शामिल हो चुका है।

दरअसल, रश्मिका मंदाना का डीपफेक वाला वीडियो 6 नवंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें देखने के लिए मिला था रश्मिका जैसी दिखने वाली लड़की लिफ्ट में नजर आ रही थी। इसमें लड़की को डीपनेक में बोल्ड देखा गया था। इसे लेकर एक्ट्रेस की ओर से दिल्ली पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी। फिर इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा और अब मुख्य आरोपी भी अरेस्ट किया जा चुका है।

रश्मिका ने दिया था ऐसा रिएक्शन

डीपफेक मामले पर रश्मिका मंदाना ने भी रिएक्शन दिया था। उन्होंने इसे लेकर दुख जाहिर किया था। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी, ‘मुझे इसके बारे में बात करते हुए दुख हो रहा है। ईमानदारी से कहूं तो एआई सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि हममें से हर एक के लिए बेहद डरावना है, जो इस टेक्नोलॉजी के मिस यूज की वजह से खतरे में आ गए हैं।’

किसका था असली वीडियो

डीपफेक वीडियो में रश्मिका मंदाना जैसे दिखने वाली लड़की जारा पटेल थी। ये एक ब्रिटिश इंडियन इंफ्लुएंसर है। डीपफेक वीडियो में रश्मिका को उस तरह देखकर फैंस अपसेट हो गए थे। हालांकि, बाद में सच सामने आ गया था। बहरहाल, अब अगर साउथ इंडियन एक्ट्रेस के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो इन दिनों अल्लू अर्जुन के साथ फिल्म ‘पुष्पा 2’ को लेकर चर्चा में हैं। वो इसकी शूटिंग में बिजी हैं। आखिरी बार रश्मिका मंदाना को फिल्म ‘एनिमल’ में देखा गया था। इसमें वो रणबीर कपूर के साथ लीड रोल में दिखी थीं। इसमें उनके अभिनय को काफी पसंद किया था। फिल्म ने करीब 850 करोड़ का बिजनेस किया था।