बॉलीवुड में इन दिनों वेडिंग सीजन चल रहा है। 21 फरवरी को रकुल प्रीत और जैकी भगनानी शादी के बंधन में बंधे हैं। इसके बाद बीते दिनों ही प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा ने रक्षित के साथ सात फेरे लिए। वहीं, पिछले कुछ दिनों से सिनेमा जगत का फेवरेट कपल पुलकित सम्राट और कृति खरबंदा अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। फरवरी महीने इनकी सगाई की खबर सामने आई थी। फैंस को इनकी वेडिंग का बेसब्री से इंतजार था। अब कपल 15 मार्च को शादी के बंधन में बंध गया है और उनकी पहली तस्वीर भी सामने आ गई है।

पुलकित और कृति की शादी दिल्ली एनसीआर स्थित मानेसर के आईटीसी ग्रैंड भारत में हुई। इनकी शादी में परिवार और करीबी दोस्त ही पहुंचे थे। दोनों टिपिकल इंडियन तरीके से शादी की। इनका वेडिंग फंक्शन तीन दिनों तक चला। 13 मार्च को उनकी मेहंदी और 14 मार्च को हल्दी-संगीत सेरेमनी थी। 15 मार्च को कपल की सात फेरों के साथ शादी संपन्न हुई। पुलकित ने लाइट ग्रीन कलर की शेरवानी पहनी है इसमें वो काफी जंच रहे थे। इसके साथ ही दुल्हन के गुलाबी जोड़े में कृति भी बेहद खूबसूरत लग रही हैं।

5 साल से रिलेशनशिप में थे पुलकित और कृति

आपको बता दें कि पुलकित और कृति खरबंदा एक-दूसरे को पिछले काफी समय से डेट कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कपल 5 सालों से रिलेशनशिप में है। इनकी पहली मुलाकात अनीस बाज्मी की फिल्म ‘पागलपंती’ में हुई थी। यहीं से वो एक-दूसरे के करीब आए थे और शूटिंग के दौरान ही इनका प्यार परवान चढ़ा। ये बात साल 2019 की है। इसके प्रमोशन के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते की पुष्टि की थी।

तलाकशुदा हैं पुलकित सम्राट

गौरतलब है कि जहां कृति खरबंदा की पुलकित सम्राट के साथ पहली शादी है, वहीं एक्टर दूसरी बार दूल्हा बने हैं। एक्ट्रेस से पहले पुलकित ने सलमान खान की मुंह बोली बहन श्वेता रोहिरा के साथ सात फेरे लिए थे। उनका रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिका था। इसके बाद वो एक-दूसरे से अलग हो गए थे। श्वेता की बात की जाए तो वो पेशे से पत्रकार और सोशल एक्टिविस्ट हैं। चंद मुलाकात में दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे। इनके बीच पहले दोस्ती और फिर प्यार हुआ था। बाद में शादी और फिर तलाक के बाद रिश्ता खत्म हो गया था।