कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। बीते दिन उन्होंने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में जाकर बदसलूकी का शिकार हुई सपा कार्यकर्ता अनीता यादव से भी मुलाकात की। प्रियंका गांधी के इस कदम से सियासत भी तेज हो गई है तो वहीं भाजपा व अन्य विपक्षी दल उन्हें ‘पर्यटक’ बता रहे हैं। प्रियंका गांधी के इस दौरे को लेकर आज तक के ‘दंगल’ शो में भी चर्चा की गई, जहां राजनीतिक विश्लेषक शांतनु गुप्ता ने उनपर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही शांतनु गुप्ता ने कहा कि अगर वह यूपी के 20 जिलों का भी नाम बता दें तो मैं हैरान रह जाउंगा।
प्रियंका गांधी के बारे में बात करते हुए शांतनु गुप्ता ने कहा, “प्रियंका गांधी पर्यटक हैं और मैं इसलिए इस बात का अनुमोदन करता हूं क्योंकि अगर आप उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रभारी या अपर सचिव बनाते हैं तो उनके पास आखिर मेरिट क्या है। मैं तो उन्हें हर पांच साल या छह साल में अमेठी या राय बरेली जाता हुआ देखता हूं।”
शांतनु गुप्ता ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए आगे कहा, “अगर वह उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में से 20 जिलों के नाम भी बता देंगी तो मैं बहुत हैरान रह जाउंगा। बस वह इंदिरा गांधी की तरह दिखती हैं, इससे ज्यादा उनकी आखिर मेरिट क्या है?”
‘अगर वो 75 में से 20 ज़िलों के नाम भी बता दें तो मुझे आश्चर्य होगा। वो इंदिरा गाँधी जी की तरह दिखती हैं, इस से ज़्यादा उनका मेरिट क्या है”? राजनीतिक विश्लेषक @shantanug_
अभी लाइव देखें #Dangal #UttarPradesh #India #Politics pic.twitter.com/bIcBJNgmMG
— AajTak (@aajtak) July 17, 2021
प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए शांतनु गुप्ता ने कहा, “उन्होंने हमेशा 2 कार्ड खेलने की कोशिश की है। पहले तो उन्होंने जितिन प्रसादा के नाम पर ब्राह्मण कार्ड खेलने की कोशिश की, लेकिन वह तो भाजपा में आ गए। इसके बाद उन्होंने मुस्लिम तुष्टिकरण करने की कोशिश की।” इसके साथ ही शांतनु गुप्ता ने कहा कि अगर 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चौथे नंबर पर आ गई तो मुझे बहुत हैरानी होगी।
शांतनु गुप्ता ने दंगल के शो से जुड़ा वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर भी शेयर किया। उनके इस वीडियो को लेकर अब सोशल मीडिया यूजर भी खूब कमेंट कर रहे हैं। राम शंकर नाम के यूजर ने लिखा, “मेरिट तो बहुत है। इंदिरा गांधी की तरह ही नहीं दिखतीं हैं, वह इंदिरा गांधी के पुत्र की पुत्री भी हैं। गंगा में नहा सकती हैं, तिलक लगा सकती हैं, भाषण भी दे लेती हैं।”
वहीं अमन कुमार नाम के एक यूजर ने शांतनु गुप्ता की बातों पर तंज कसते हुए लिखा, “ये बात तो मोदी जी भी नहीं बता पाएंगे। तो क्या उन्हें भी…।” वहीं अंबिका श्रीवास्तव नाम के एक यूजर ने लिखा, “कुछ लोग खुलकर डिबेट में पार्टी विशेष का पक्ष ले रहे हैं, उन्हें आप राजनीतिक विश्लेषक कैसे लिख सकते हैं।”
