नोटबंदी के पांच साल पूरे होने पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने नोटबंदी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि अगर नोटबंदी सफल थी तो भ्रष्टाचार खत्म क्यों नहीं हुआ। प्रियंका गांधी ने काले धन पर भी सवाल उठाए हैं। उनके इन सवालों पर फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उन्हें घेरा है।
दरअसल प्रियंका गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में नोटबंदी को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए लिखा, ‘अगर नोटबंदी सफल थी तो भ्रष्टाचार खत्म क्यों नहीं हुआ? कालाधन वापस क्यों नहीं आया? अर्थव्यवस्था कैशलेस क्यों नहीं हुई? आतंकवाद पर चोट क्यों नहीं हुई? महंगाई पर अंकुश क्यों नहीं लगा?’
प्रियंका गांधी के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए अशोक पंडित ने लिखा, ‘जब तक आप जैसे भ्रष्टाचारी नेता और उनका परिवार पॉलिटिक्स में हैं तब तक भ्रष्टाचार कैसे ख़त्म हो सकता है! देश को 70 सालों तक लूटने के बाद भ्रष्टाचार पर आपका प्रवचन देना शोभा नहीं देता।’
प्रियंका गांधी के इस ट्वीट पर यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। योगी विपुल नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘70 साल कांग्रेस ने भारत की सत्ता संभाली, फिर भी… भ्रष्टाचार खत्म क्यों नहीं हुआ? कालाधन वापस क्यों नहीं आया? अर्थव्यवस्था नंबर 1 क्यों नहीं हुई? आतंकवाद पर चोट क्यों नहीं हुई?महंगाई पर अंकुश क्यों नहीं लगा?’
रोफल गांधी नाम के एक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, ‘नोटबंदी उत्तर प्रदेश चुनाव जीतने के उद्देश्य हेतु किया गया सफ़ल प्रयास था।’ आनंद राय नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘नोटबंदी इस देश की आम जनता के लिए अभिशाप था। सिर्फ और सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों के फायदे के लिए किया गया था। आज का दिन इस देश के लिए काले इतिहास के रूप में जाना जाएगा।’