ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने अपनी स्पाई सीरीज ‘सिटाडेल’ का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसके अलावा प्राइम वीडियो ने भी इसके फर्स्ट लुक की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए तारीख की घोषणा की है। इस सीरीज में प्रियंका चोपड़ा, स्टेनली टुकी, लेस्ली मैनविल और रिचर्ड मैडेन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

एक्शन से भरपूर स्पाई थ्रिलर ‘सिटाडेल’ का लुक शेयर करते हुए प्राइम वीडियो ने इसकी तारीख की भी घोषणा की है। इस धमाकेदार सीरीज का एक्सक्लूसिव प्रीमियर शुक्रवार, 28 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर होगा। इसमें दो एपिसोड होंगे और दोनों ही ढेर सारे सस्पेंस से भरे होने वाले हैं। इसके बाद 26 मई तक हर हफ्ते शुक्रवार को एक नया एपिसोड रिलीज होगा।

रुसो ब्रदर्स AGBO और शो-रनर डेविड वील इस लैंडमार्क, हाई-स्टेक ड्रामा के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं, जिसमें स्टेनली टुकी और लेस्ली मैनविल के साथ रिचर्ड मैडेन और प्रियंका चोपड़ा जोनास ने मुख्य किरदार निभाए हैं। सिटाडेल दुनिया के 240 देशों एवं क्षेत्रों में दर्शकों के मनोरंजन के लिए उपलब्ध होगा।

क्या है सिटाडेल की कहानी?
आठ साल पहले सिटाडेल पूरी तरह तबाह हो चुका था। यह स्वतंत्र रूप से अपना काम करने वाली ग्लोबल स्पाई एजेंसी थी, जिसे लोगों की हिफाजत और सुरक्षा को बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी — लेकिन उसे मन्टिकोर के गुर्गों ने नष्ट कर दिया था, जो परछाई बनकर दुनिया को अपने इशारों पर नचाने वाला एक शक्तिशाली सिंडिकेट है। सिटाडेल की तबाही के समय इसके सबसे बड़े एजेंट, यानी मेसन केन (रिचर्ड मैडेन) और नादिया सिंह (प्रियंका चोपड़ा जोनास) किसी तरह से अपनी जान बचाने में सफल रहे थे और इससे जुड़ी यादों को भूल चुके थे। /

इसके बाद से ही वे दुनिया की नजरों से ओझल हो गए हैं, और अपने अतीत को भूलकर एक नई पहचान के साथ जिंदगी जी रहे हैं। लेकिन एक रात सब कुछ बदल जाता है, जब मेसन के साथ सिटाडेल में पहले काम कर चुकी बर्नार्ड ऑरलिक (स्टेनली टुकी) उसे ढूंढ निकालती है, जिसे मन्टिकोर को दुनिया पर काबू करने से रोकने के लिए उसकी मदद की सख्त जरूरत है। मेसन अपनी पूर्व सहयोगी नादिया को ढूंढता है। फिर दो जासूस एक मिशन पर निकल पड़ते हैं और राज़, झूठ और खतरनाक-फिर भी अमर प्रेम पर बने रिश्ते से जूझते हुए मन्टिकोर को रोकने की कोशिश में दुनिया भर में घूमते हैं।

इस सीरीज में रिचर्ड मैडेन ने मेसन केन, प्रियंका चोपड़ा जोनास ने नादिया सिंह, स्टेनली टुकी ने बर्नार्ड ऑरलिक, लेस्ली मैनविल ने डाहलिया आर्चर, ओसि इखिले ने कार्टर स्पेंस, एशले कमिंग्स ने एब्बी कॉनरॉय, रोलैंड मोलर ने एंडर्स सिल्जे और डेविक सिल्जे, काओलिन स्प्रिंगल हेंड्रिक्स ने कॉनरॉय की भूमिका निभाई है।

अमेजन स्टूडियोज और रुसो ब्रदर्स AGBO के सिटाडेल में AGBO के लिए एंथनी रूसो, जो रूसो, माइक लारोका, एंजेला रूसो-ओटस्टॉट, और स्कॉट नेम्स एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स हैं, जिसमें डेविड वील शोरनर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। मिडनाइट रेडियो के लिए जोश एप्पलबॉम, आंद्रे नेमेक, जेफ पिंकनर और स्कॉट रोसेनबर्ग एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स के तौर पर काम कर रहे हैं। न्यूटन थॉमस सिगेल और पैट्रिक मोरन भी एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स के रूप में काम कर रहे हैं।