Priyanka Chopra: प्रियंका चोपड़ा ने इंडस्ट्री के बड़े से बड़े एक्टर औऱ सुपरस्टार के साथ फिल्मों में काम किया है। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान और अक्षय कुमार। वहीं आज प्रियंका खुद एक ग्लोबल एक्ट्रेस हैं। प्रियंका ने शुरुआती दिनों में सनी देओल के साथ काम किया। फिल्म ‘हीरो’ से प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उऩ्हें सुपरस्टार गोविंदा के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका भी मिला था। प्रियंका गोविंदा के साथ काम करने के लिए काफी एक्साइटेड थीं।
यह फिल्म थी-राजा भैया। इस फिल्म में गोविंदा के अपोजिट पहले प्रियंका चोपड़ा को लिया गया था। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी थी। फिल्म का फर्स्ट शेड्यूल तक पास हो चुका था। तभी खबर आई कि गोविंदा की फिल्म से प्रियंका ने पैर पीछे खींच लिए हैं। गोविंदा उस जमाने में सुपरस्टार थे, वो जिस फिल्म में होते थे बॉक्स ऑफिस पर वह फिल्म धमाकेदार कमाई करती ही थी।
ऐसे में जब प्रियंका ने इस फिल्म को छोड़ा तो सब बहुत हैरान हो गए थे कि आखिर प्रियंका ने ऐसा क्यों किया? इसके बाद प्रियंका ने मीडिया को गोविंदा की फिल्म छोड़ने के पीछे का कारण बताया था। प्रियंका ने कहा था कि जब वह इस फिल्म के लिए मेकर्स से मिली थीं तो उन्हें कहानी कुछ औऱ सुनाई गई थी। लेकिन स्क्रिप्ट में जब और डेव्लेप्मेंट होने लगे तो स्क्रिप्ट में हिरोइन का रोल ही कुछ नजर नहीं आया। ऐसे में प्रियंका ने इस फिल्म को करने से ही इनकार कर दिया।
प्रियंका का कहना था कि इस फिल्म में उनके करने के लिए कुछ है ही नहीं। प्रियंका का कहना था कि वह गोविंदा के साथ काम करना चाहती हैं लेकिन जैसे गोविंदा की फिल्मों और एक्ट्रेस को बराबरी का काम मिलता है वैसा काम उन्हें भी मिले।
इसके बाद राजा भैया फिल्म में प्रियंका की जगह आरती छाबरिया को लिया गया था। वहीं बाद में प्रियंका और गोविंदा ने फिल्म ‘दीवाना मैं दीवाना’ में साथ काम किया। इस फिल्म को 2003 में बनाया गया था। लेकिन 10 सालों के बाद ये फिल्म रिलीज की गई। लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर आउटडेटेड होने के चलते कमाई नहीं कर पाई।