निक जोनास के साथ अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में रहने वाली प्रियंका चोपड़ा न्यूयॉर्क की गलियों में डांस कर रही हैं। लेकिन इस डांस के दौरान उनके साथ निक नहीं थे बल्कि लियाम हेम्सवर्थ और रेबेल विल्सन जैसे हॉलीवुड सितारे मौजूद थे। दरअसल हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स ‘बेवॉच’ और ‘क्वाटिंको’ के बाद अब प्रियंका एक हॉलीवुड फिल्म में काम कर रही हैं। इस फिल्म का नाम है – ‘इसेन्ट इट लव?’ प्रियंका का डांस सीक्वेंस इस फिल्म की शूट का ही हिस्सा था। एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रियंका और बाकी सभी सितारे मैनहैटन शहर के पार्क एवेन्यू में शूटिंग कर रहे थे।

रेबेल विल्सन, एडम डेवाइन, लियाम हेम्सवर्थ, प्रियंका चोपड़ा और बेटी गिलपिन जैसे सितारों से सजी ये फिल्म एक रोमैंटिक कॉमेडी है। इसे टॉड स्ट्रॉस-शूलसन ने डायरेक्ट किया है और एरिन कार्डिलो इस फिल्म के लेखक हैं। एक वेबसाइट के अनुसार, ये फिल्म एक ऐसी महिला के बारे में है जिसे प्यार पर विश्वास नहीं है लेकिन कुछ ड्रैमेटिक अंदाज़ में उसे एक दिन एहसास होता है कि उसकी ज़िंदगी एक रोमैंटिक कॉमेडी बन चुकी है। प्रियंका के कैरेक्टर का नाम इसाबेला है और फिल्म में वे एक योगा एंबैसेडर का किरदार निभा रही हैं।

प्रियंका आजकल बेहद बिज़ी चल रही हैं और उन्हें अक्सर न्यूयॉर्क से मुंबई ट्रैवल करना पड़ रहा है।  पिछले महीने ही उन्होंने निक जोनास के साथ मुंबई में अंबानी परिवार की पार्टी भी अटेंड की थी। अपनी हॉलीवुड फिल्म के अलावा वे सलमान खान की मल्टीस्टारर फिल्म भारत में भी नज़र आने वाली हैं। इस फिल्म में सलमान और प्रियंका के अलावा दिशा पाटनी, शशांक सनी अरोड़ा, तब्बू और सुनील ग्रोवर जैसे सितारे दिखाई देंगे। प्रियंका इसके अलावा सोनाली बोस की फिल्म द स्काई इज़ पिंक में भी काम करने वाली हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी इस फिल्म से जुड़ने की घोषणा की थी। इस फिल्म में प्रियंका के साथ फरहान अख्तर और दंगल फेम एक्ट्रेस जायरा वसीम नज़र आएंगी। इस फिल्म में प्रियंका और फरहान एक कपल होंगे और जायरा इन दोनों की बेटी के किरदार में दिखेंगी। सोनाली इससे पहले मार्गरेटा विद ए स्ट्रा और अमु जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुकी हैं। इन दोनों ही फिल्मों को नेशनल अवार्ड मिल चुका है।

https://www.jansatta.com/entertainment/