बॉलीवुड के बाद ग्लोबल स्टार बन चुकीं प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस एक खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं। बेटी मालती मैरी के जन्म के बाद वो और भी खुश नजर आते हैं। प्रियंका अपनी बेटी को लेकर काफी प्रोटेक्टिव नजर आती हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि मालती के जन्म के बाद उनके जीवन में किस तरह के बदलाव आए हैं।

इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने मां बनने के अपने अनुभव को साझा किया है। एक्ट्रेस की मानें तो मां बनने के एहसास ने उन्हें और भी इमोशनल बना दिया है। प्रियंका ने कहा, “मुझे नहीं पता कि मदरहुड ने मेरे आत्मसम्मान या आत्मविश्वास को प्रभावित किया है या नहीं, लेकिन इसने मुझे और अधिक सतर्क बना दिया है। हर दिन मुझे लगता है कि मैं क्या गलती करने वाली हूं? मैं ऐसी गड़बड़ कैसे कर सकती हूं? मेरे अंदर आत्मविश्वास की कमी कैसे हो सकती है? मुझे लगता है कि मुझे खुद को याद दिलाना होगा कि मैं एक आत्मविश्वासी व्यक्ति हूं और मैं यह कर सकती हूं।”

बेटी के बाद बदल गई है लाइफ

इससे पहले अमेरिकन शो ABC टॉक शो में प्रियंका ने बताया था कि उनकी बेटी निक और उनके जीवन में पॉजिटिविटी लाई है। इसके साथ ही प्रियंका ने अपनी मां मधु चोपड़ा और सास डेनिस जोनस की भी तारीफ की है। प्रियंका ने बताया था कि जब वह और निक काम में व्यस्त होते हैं तो उनकी और निक की मां मालती का ख्याल रखती हैं।

आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने साल 2018 में निक जोनस के साथ शादी की थी। इससे पहले कुछ समय तक दोनों ने एक दूसरे को डेट किया था। प्रियंका ने साल 2022 में मां बनने के लिए सेरोगेसी का सहारा लिया और उनके घर बेटी का जन्म हुआ। पहले ये बात कपल ने छुपाये रखी थी लेकिन बाद में उन्होंने फैंस को गुडन्यूज दी। मालती का जन्म समय से पहले हो गया था, जिसके कारण उन्हें एनआईसीयू में रहना पड़ा था और करीब 100 दिन के बाद प्रियंका और निक अपनी बेटी को घर ले गए थे।

प्रियंका के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार जासूसी एक्शन थ्रिलर ‘सिटाडेल’ और रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा ‘लव अगेन’ में देखा गया था। वह फिलहाल एक्शन कॉमेडी ‘हेड्स ऑफ स्टेट्स’ पर काम कर रही हैं, जिसमें वह इदरीस एल्बा और जॉन सीना के साथ नजर आएंगी।