प्रियंका चोपड़ा के भाई सिद्धार्थ चोपड़ा (Siddharth Chopra) को लेकर खबर सामने आ रही है कि वो जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। अब उनका रोका भी हो गया है। सिद्धार्थ ने इंस्टाग्राम पर अपनी होने वाली पत्नी के साथ फोटोज शेयर कर रोके का ऐलान किया है। सिद्धार्थ ने गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस नीलम उपाध्याय के साथ रोका किया है। इनके लिंक-अप की खबरें काफी सालों से रही हैं लेकिन, उन्होंने हमेशा से इनकार किया है। अब नीलम, प्रियंका चोपड़ा की भाभी बनने वाली हैं।

नीलम उपाध्याय और सिद्धार्थ चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रोका सेरिमनी की फोटोज को शेयर किया है। इसमें देखा जा सकता है कि कपल एक-दूसरे के साथ कोजी होते हुए नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर फोटोज में देख सकते हैं कि दोनों अलग-अलग अंदाज में पोज देते दिखाई दे रहे हैं। दोनों की जोड़ी खूब जंच रही है।

सिद्धार्थ और इशिता की होने वाली थी शादी

गौरतलब है कि सिद्धार्थ चोपड़ा की इसके पहले इशिता कुमार से सगाई हुई थी। दोनों की शादी होने वाली थी हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला था। इसके बाद इशिता कुमार और सिद्धार्थ की सगाई टूट गई थी। साल 2020 में प्रियंका चोपड़ा भाई की शादी में शामिल होने इंडिया भी आई थीं लेकिन, जब इसे पोस्टपोन होने की खबर सामने आई तो वो वापस लौट गईं।

कौन हैं नीलम उपाध्याय?

सिद्धार्थ चोपड़ा अपनी जिंदगी के नए फेज को लेकर एक्साइटेड हैं। नीलम उपाध्याय के साथ उनका रोका हो गया है। बताया जा रहा है कि दोनों की जल्द ही सगाई भी होगी। नीलम उपाध्याय के बारे में बात की जाए तो वो साउथ की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं। उन्होंने साल 2012 में तेलुगू फिल्म ‘मिस्टर 7’ से एक्टिंग डेब्यू किया था। इतना ही नहीं, एक्ट्रेस ने तमिल भाषा की भी कुछ फिल्मों में काम किया है।