बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपनी फिल्मों और अपने अंदाज से हिंदी सिनेमा में जबरदस्त पहचान बनाई है। हाल ही में एक्ट्रेस हॉलीवुड फिल्म ‘द मैट्रिक्स’ में नजर आई थीं। इससे इतर प्रियंका चोपड़ा अपने और निक जोनस के रिश्ते को लेकर एक बार फिर से चर्चा में आ गई हैं। दरअसल, कुछ दिनों पहले प्रियंका चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से ‘जोनस’ सरनेम हटा दिया था, जिसके बाद दोनों को लेकर यह अटकलें लगने लगी थीं कि वे तलाक लेने वाले हैं। इस बात पर अब खुद एक्ट्रेस ने चुप्पी तोड़ी है।

वैनिटी फेयर को दिए इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि ‘जोनस’ सर नेम उन्होंने केवल पेशेवर उथल-पुथल की वजह से हटाया था। इसके अलावा उनके मन में और कोई ख्याल नहीं था। प्रियंका चोपड़ा ने इस बारे में बात करते हुए कहा, “यह बहुत ही अजीब भावना है। अगर मैं एक फोटो भी शेयर करती हूं तो मेरी फोटो में मेरे पीछे मौजूद चीजों को भी जूम करके देखा जाता है।”

प्रियंका चोपड़ा ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, “फिर उन चीजों के हिसाब से अटकलें लगनी शुरू हो जाती हैं। यह केवल पेशेवर उतार-चढ़ाव है। सोशल मीडिया पर मौजूद शोर के कारण, हमारे जीवन में इसकी व्यापकता के कारण, मुझे लगता है कि यह अपने वास्तविक रूप से भी ज्यादा बड़ा लगता है। मुझे लगता है कि वास्तविक जीवन में हम इसे बहुत ज्यादा महत्व देते हैं और शायद इसकी इतनी आवश्यकता नहीं है।”

बता दें कि प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनस ने भी सोशल मीडिया से कुछ दिनों के लिए ब्रेक लिया था। इस बात की जानकारी निक जोनस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “इस तरह की योजना तो नहीं बनाई थी, लेकिन मैंने बीते दो सप्ताह से सोशल मीडिया से ब्रेक लिया हुआ था। और वाकई में मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं।”

निक जोनस ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “उम्मीद करता हूं कि आप सभी लोग अच्छे होंगे। आप सभी को मेरा ढेर सारा प्यार।” बता दें कि निक जोनस और प्रियंका चोपड़ा साल 2018 में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों की शादी हिंदू और क्रिश्चन रीति-रिवाजों से हुई थी। वे अक्सर अपनी तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा करते नजर आते हैं।