दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने करीब छह दशक तक हिंदी सिनेमा फिल्म जगत पर राज किया है। वह कपूर परिवार की तीन अलग-अलग जेनेरेशन के साथ काम कर चुके हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वह राज कपूर को बहुत मानते थे, उनके बेटे ऋषि कपूर के साथ भी उनकी दोस्ती रही है और अब ऋषि कपूर के बेटे रणबीर के साथ भी उन्होंने फिल्म ‘एनिमल’ में काम किया है।
एएनआई के पॉडकास्ट में अभिनेता ने कपूर खानदान और ऋषि कपूर के साथ अपने याराने पर बात की। उन्होंने कहा कि भले ही वह ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन अपने टैलेंट के दम पर वह फिल्म इंडस्ट्री में टिके रहे। प्रेम चोपड़ा ने कहा,”ऐसे लोग रहे हैं जो सुपर प्रोड्यूसर, सुपर डायरेक्ट थे। उन्होंने इंडस्ट्री में कई टैलेंटेड लोगों को इंट्रोड्यूस कराया। लेकिन जब उन्होंने अपने बच्चों के लिए फिल्म बनाई, तब वे सफल नहीं हो सके, राज कपूर की तरह। ऋषि कपूर की सबसे ज्यादा डिमांड थी, क्योंकि वह बहुत अच्छे अभिनेता थे। हमारे तरह नहीं था। उन्हें थाली में परोसकर ब्रेक दिया गया था। लेकिन खुद को साबित करना होता है।”
उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के सभी लोगों में से वह ऋषि कपूर और जीतेंद्र के सबसे करीब थे। उनसे पूछा गया कि जब वे मिलते थे तो क्या बात किया करते थे। इसके जवाब में प्रेम चोपड़ा ने मजाक में कहा, “लड़कियां।”
आपको बता दें कि प्रेम चोपड़ा ने ऋषि के बेटे रणबीर कपूर के साथ फिल्म ‘एनिमल’ में काम किया था। इससे पहले उन्होंने फिल्म ‘रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर’ में साथ काम किया था। रणबीर के बारे में दिग्गज अभिनेता ने कहा, “वह एक अच्छे अभिनेता हैं। वह बहुत ही एक्टिव एक्टर हैं।”
प्रेम चोपड़ा और कपूर परिवार के बीच एक रिश्ता है। दरअसल प्रेम चोपड़ा की पत्नी उमा मल्होत्रा राज कपूर की पत्नी स्वर्गीय कृष्णा राज कपूर की बहन हैं। इसलिए उनका कपूर परिवार से अच्छा नाता रहा है।