राज बब्बर-स्मिता पाटिल के बेटे और एक्टर प्रतीक बब्बर ने हाल ही में अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की है। उन्होंने प्रिया बनर्जी के साथ दूसरी शादी की और अब खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं। इसी बीच उन्होंने पहली वाइफ से रिश्ता टूटने पर बात की और कहा कि उनका मन प्यार और शादी से हट गया था। उन्होंने बताया कि वो औरतों से बदला लेने के मोड में आ गए थे और सुंदर लड़कियों को फॉलो करने लगे थे। प्रतीक ने कहा कि उनका अंदर का जानवर बाहर आ गया था।
दरअसल, प्रतीक बब्बर ने हाल ही में बॉलीवुड बबल से बात की और इस दौरान उन्होंने अपनी पहली शादी टूटने और रिलेशनशिप पर बात की। अभिनेता ने बताया कि उनके लिए ये बड़ा मेंटल ब्लॉक था। वो मन बना चुके थे कि उनके लिए प्यार मोहब्बत और शादी का ऑप्शन बना ही नहीं है। प्रतीक कहते हैं कि जिंदगी और रिश्ते ने उनके साथ भले ही कुछ ना किया हो लेकिन, उनका मानना है कि उन्होंने अपना फर्ज निभाया है। एक्टर ने कहा कि वो अपने पिछले रिश्ते में सबकुछ दे चुके थे। लेकिन, फिर भी वो शादी चली नहीं। इसलिए उनके मन में प्यार और शादी के लिए बहुत कड़वाहट थी।
प्यार से मुंह मोड़ने के बाद हुई फिर प्यार ने दी दस्तक
प्रतीक बब्बर ने आगे अपने दूसरे रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा कि वो प्यार से मुंह मोड़ चुके थे। लेकिन उनके दिल में इसकी फिर से दस्तक हुई। उन्होंने बताया कि वो प्यार की तलाश में नहीं थे और प्रिया भी नहीं थीं लेकिन, उनका मानना है कि उनकी जिंदगी में मिलना लिखा था तो ऐसा हो गया। इतना ही नहीं, एक्टर ये भी मानते हैं कि अगर प्रिया पहले मिली होतीं तो शायद ये रिश्ता भी सफल नहीं हो पाता। ऐसे में इसके लिए यही डिवाइन टाइम था।
प्रतीक बब्बर को कैसे मिला दूसरा प्यार
इसके साथ ही प्रतीक बब्बर ने अपनी लाइफ में दूसरे प्यार की एंट्री को लेकर बताया कि प्रिया से उनकी मुलाकात लॉकडाउन में हुई थी। उस समय उन्होंने अपनी पहली सगाई तोड़ी थी तो उस समय एक्टर तलाक के दर्द से गुजर रहे थे। प्रतीक कहते हैं कि काफी लोगों के लॉकडाउन नेगेटिव रहा, काफी लोगों की शादियां टूटीं पर उन्हें प्यार मिल गया और उनकी शादी पक्की हो गई।
प्रतीक बोले- मेरे अंदर का जानवर जाग गया था
वहीं, प्रतीक आगे बताते हैं कि पहली शादी के टूटने के बाद वो काफी डिस्टर्ब हो गए थे। उन्होंने बताया था कि वो अपनी सिचुएशन पर बहुत नाराज थे और बदला लेने की भावना जाग उठी थी। ऐसे में इंस्टाग्राम पर उन्होंने हजारों लड़कियों को फॉलो करना शुरू कर दिया था। उनको लगता था कि वो अपनी शादी में बहुत अच्छे थे और दिखाना चाहते थे। वो एकदम लेडीज वर्सेस प्रतीक मोड में हो गए थे। वो कहते हैं कि उनके अंदर का जानवर जाग गया था। आपको बता दें कि प्रिया बनर्जी से पहले प्रतीक ने सान्या सागर से शादी की थी। दोनों ने साल 2019 में फेरे लिए थे लेकिन चार साल में ही उनका रिश्ता खत्म हो गया था और 2023 में कपल अलग हो गया था।
