दिग्गज अभिनेता देव आनंद की आज 100वीं बर्थ एनिवर्सरी है। उनका जन्म 26 सितंबर, 1923 में हुआ था। इस खास दिन पर हर कोई अपने चहिते अभिनेता को याद कर रहा है। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोगों ने एक्टर को याद किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देव आनंद को याद किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर देव आनंद के साथ कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर करते हुए
उन्हें एवरग्रीन आइकन बताया है।
देव आनंद के साथ तस्वीरें शेयर करतु हुए पीएम मोदी ने लिखा, “देव आनंद जी को एक एवरग्रीन आइकन के तौर पर याद किया जाता है। कहानी कहने की उनकी प्रतिभा और सिनेमा के प्रति जुनून बेजोड़ था। उनकी फिल्में न केवल मनोरंजन करती थीं बल्कि भारत के बदलते समाज और आकांक्षाओं को भी दर्शाती थीं। उनका सदाबहार प्रदर्शन पीढ़ियों को प्रभावित करता रहता है। उनकी 100वीं जयंती पर उन्हें याद कर रहा हूं।”
जैकी श्रॉफ ने देव आनंद को बताया भगवान
देव आनंद के बारे में याद करते हुए जैकी श्रॉफ ने उनसे जुड़ी कई बातें बताई। जैकी श्रॉफ ने याद किया और कहा,”देव आनंद मेरे भगवान हैं। मेरी मां मेरे बाल देव साहब जैसे बनाती थी। मैं उनके मॉर्निंग शोज देखता था। मेरे लिए यह सफर अविश्वसनीय रहा है, और मैं इसके लिए हमेशा उनका आभारी रहूंगा।”
जीनत अमान ने किया याद
जीनत अमान ने देव आनंद के साथ कई फिल्मों मं काम किया है। लेकिन उनकी ‘हरे कृष्णा हरे राम’ और ‘हीरा पन्ना’ सबसे ज्यादा हिट हुई थी। इन सदाबहार फिल्मों में उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। अपने ‘दम मारो दम’ गाने की तस्वीर शेयर करते हुए जीनत अमान ने देव आनंद को याद किया है।
उन्होंने लिखा, “देव साहब के 100 साल पूरे होने का जश्न। स्टाइलिश, सौम्य और शानदार, वह तुलना से परे एक डायनेमो थे। और प्रतिभा की क्या उदारता! उन्होंने करियर को चमकाया (जिसमें मेरा भी शामिल है), रचनात्मक लोगों को एक साथ लाया और ऐसी फिल्में बनाईं जो पीढ़ियों तक गूंजती रहीं। यह देखकर मेरा दिल खुश हो गया कि उनके जन्म के बाद से पूरी सदी में उनकी विरासत का सम्मान किया गया। हाल के दिनों में, मैं उनके बारे में टिप्पणियों के अनुरोधों से अभिभूत हो गयी हूं, लेकिन जो मैंने पहले ही कहा है उसमें जोड़ने के लिए कुछ भी नहीं है।”