भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री से करियर की शुरुआत करके सिनेमा जगत में बड़ा नाम कमाने वाले पवन सिंह (Pawan Singh) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। अपने चहेते स्टार्स को लोग किसी ना किसी नाम से बुलाते हैं। वैसे ही पवन को भी भोजपुरी का पावर स्टार कहा जाता है। उनके फैंस उन्हें अलग-अलग नामों से बुलाते हैं। फिल्म इंडस्ट्री में आने वाले ज्यादातर एक्टर्स ने फिल्मों में आने के बाद अपना रियल नाम छुपा लिया और स्क्रीन वाले नाम से पॉपुलैरिटी बटोरी। वहीं, कुछ सेलेब्स के निक नेम भी रहे हैं। फिर चाहे वो बॉलीवुड स्टार हों या फिर भोजपुरी। इस लिस्ट में पवन सिंह का भी नाम शामिल है। बहुत कम ही लोग पवन सिंह के बचपन के नाम के बारे में जानते होंगे। चलिए आज आपको हम बताते हैं कि लोग उनको बचपन में क्या कहकर बुलाते थे।

दरअसल, पवन सिंह के बचपन के नाम का खुलासा एक बार पवन ने खुद किया था। साथ ही दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भी इसके बारे में बताया था। पवन सिंह की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें निरहुआ और वो खुद बचपन के नाम के दिलचस्प किस्से का खुलासा करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में पहले जुबली स्टार दिनेश लाल, पवन सिंह के बचपन के नाम के बारे में बताते हैं कि उन्हें लोग हनुमान कहकर बुलाते थे। इसके बाद वो हंस पड़ते हैं। भोजपुरी स्टार उनका मजाक भी बनाते हैं।

वहीं, इसी वीडियो में फिर पवन सिंह नजर आते हैं और वो अपने बचपन के नाम के पीछे का किस्सा बताते हुए दिखाई देते हैं कि लोग उन्हें क्यों हनुमान कहते थे? इसे लेकर पवन कहते हैं, ‘जब मैं छोटा था तो हम बहुत मोटे थे। ठीक है ना… तो हमको लोग प्यार से हनुमान बुलाते थे।’ भोजपुरी पावर स्टार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग भी इस पर खूब फनी रिएक्शन दे रहे हैं।

4 भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं पवन सिंह

बहरहाल, अगर पवन सिंह की फैमिली और भाई-बहन की बात की जाए तो एक्टर अपने घर में सबसे छोटे हैं। वो चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। इसके बारे में खुद उनकी मां ने बताया था। न्यूज 18 की खबर के मुताबिक, पवन सिंह की मां ने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में बताया था कि पवन बचपन से ही बहुत शैतान हैं। अपनी मां के साथ शानदार बॉन्ड शेयर करते हैं। इसी वजह से वो आज भी मां से पिटाई खा जाते हैं। मां भी उनको बहुत लाड करती हैं। इसी दौरान पवन सिंह की मां ने बताया था कि वो 4 भाई-बहन में सबसे छोटे हैं। पावर स्टार के दो बड़े भाई और एक बड़ी बहन हैं।

पवन सिंह का स्ट्रगल

पवन सिंह के स्ट्रगल की बात की जाए तो वो स्क्रीन पर आने से पहले स्टेज शोज करते थे। उनके गुरु चाचा थे, जिनसे उन्होंने गायिकी के गुर सीखे और आज इंडस्ट्री में राज करते हैं। बचपन से ही गायिकी का शौक था तो वो चाचा के साथ स्टेज शोज करते थे। चाचा अजित सिंह पवन सिंह को साइकिल से लेकर गाना सिखाने आते थे। पवन सिंह को शादी-विवाह, जन्मदिन या किसी भी प्रोग्राम में गाने का अवसर मिलता था तो वो छोड़ते नहीं थे।

पवन सिंह ने भोजपुरी म्यूजिक वर्ल्ड में पहली बार गाना कैसेट के माध्यम से एंट्री की थी। एलबम ‘ओढनिया वाली…’ उनका पहला एलबम था, जिसे उन्होंने करीब 11 साल की उम्र में ही गा दिया था। हालांकि, ये कैसेट ज्यादा चला नहीं था। इसके बाद झारखंड के गढ़वा में पुलिस लाइन केंद्र में एसपी के ट्रांसफर पर कार्यक्रम हुआ। जहां पर मार्कण्डेय सिंह उनको ले कर गए और ओढ़निया वाली गाना को फिर से वहां गाया और इस गाना को वीडियोग्राफी वाले ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और उसके द्वारा जो कैसेट बनाया गया वो सुपरहिट हो गया। यहीं से पवन की किस्मत का दरवाजा खुल गया।

‘भीख मांगूंगा…’, जब पवन सिंह ने भाई की जेब से चुराए थे 10 रुपए, जमकर हुई धुलाई तो घर से भाग गए थे एक्टर