गुजरे जमाने की बेहतरीन अदाकारा परवीन बॉबी (Parveen Babi) आज भले ही दुनिया में नहीं हैं लेकिन, एक समय था जब स्क्रीन पर उनके नाम का सिक्का चलता था। उन्होंने अपने करियर में शशि कपूर और अमिताभ बच्चन जैसे स्टार्स के साथ काम किया था। फिल्मों और एक्टिंग के अलावा परवीन अपवी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रही हैं। महेश भट्ट के साथ उनका रिश्ता और ब्रेकअप जगजाहिर है। ऐसे में आपको परवीन बॉबी की डेथ एनिवर्सरी पर उस रात के किस्से के बारे में बता रहे हैं, जब दोनों एक साथ बेडरूम में थे और एक्ट्रेस फिल्ममेकर के करीब आई थीं। चलिए बताते हैं…
दरअसल, परवीन बॉबी की आज डेथ एनिवर्सरी है। 4 अप्रैल, 1949 को जन्मी परवीन बाबी 20 जनवरी, 2005 को दुनिया को अलविदा कह गई थीं। वो पर्दे पर सफल रही थीं लेकिन उनकी निजी जिंदगी विवादों से घिरी रही थी। कभी वो लिव इन रिलेशनशिप की वजह से चर्चा में रहीं तो कभी अफेयर्स को लेकर सुर्खियों में रहीं। उनका नाम डैनी डेन्जोंगपा, कबीर बेदी और महेश भट्ट के साथ जुड़ा। महेश के साथ उनका रिश्ता काफी चर्चा में रहा था। ये काफी गहरा था। महेश भट्ट भी परवीन के प्यार में इस कदर थे कि वो अपनी पत्नी और बेटी को छोड़कर उनके साथ रहने के लिए आ गए थे। महेश भट्ट ने खुद इसके बारे में बताया था और कहा था कि परवीन बॉबी ने कुछ ऐसी शर्त रख दी थी, जिसके बाद वो वापस घर लौट गए थे।
दैनिक भास्कर में छपी खबर में एक इंटरव्यू के हवाले से इस किस्से का जिक्र किया है। इसमें महेश के अनुसार कहा गया कि वो परवीन बॉबी की एक शर्त की वजह से काफी नाराज हो गए थे और बेडरूम से बाहर चले गए थे। महेश भट्ट ने पुराने दिनों और उस बेडरूम को याद कर बताया था कि ये वही बेडरूम था, जिसमें वो एक-दूसरे के करीब आए थे। उस समय फिल्ममेकर के आगे अभिनेत्री ने शर्त रखी थी और कहा था कि या तो मैं या फिर यू.जी? इस शर्त पर वो एकदम सन्न रह गए थे। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को घूर रहे थे। तब महेश भट्ट ने उनको जवाब नहीं दिया। लेकिन, वो समझ गई थीं। महेश भट्ट ने कहा कि परवीन की आंखों में आंसू थे और बाद में फिल्ममेकर उठे और कपड़े पहनकर चले गए।
इतना ही नहीं, महेश भट्ट ने आगे बताया था कि उन्होंने लिफ्ट नहीं ली। वो सीढ़ियों से जा रहे थे फिर पीछे से सीढ़ियों पर दौड़ने की आवाज आई। फिल्ममेकर ने कहा कि वो वापस लौटकर उनसे कहना चाहते थे कि वो बिना कपड़ों के बाहर नहीं आ सकतीं। लेकिन, वो बिना परवाह किए वहां से निकल गए। इसके बाद 1980 में महेश और परवीन बॉबी का ब्रेकअप हो गया था। लेकिन, आज भी महेश भट्ट उनको काफी मिस करते हैं और अक्सर उनसे जुड़ी यादों को साझा करते हैं।
कौन था यूजी?
इसके अलावा अगर यूजी की बात की जाए, जिसके लिए परवीन बॉबी ने महेश भट्ट के आगे शर्त रखी थी तो वो फिल्ममेकर के दोस्त, फिलॉस्पर और गाइड यू.जी. कृष्णमूर्ति थे। दैनिक भास्कर की खबर की मानें तो जब परवीन बॉबी सिजोफ्रेनिया से जूझ रही थीं तो यूजी ने ही महेश की काफी मदद की थी। यू.जी. ने उनसे कहा था कि परवीन के ठीक होने के कुछ चांस हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें फिल्मों से दूर ले जाना पड़ेगा। इसके बाद यू.जी. खुद परवीन को स्विटज़रलैंड ले गए और वहां से चिंता जाहिर करते हुए महेश भट्ट को लेटर लिखा था। इसमें उन्होंने सलाह दी थी कि अब उन्हें परवीन को अपने हाल पर छोड़ देना चाहिए। वहीं, परवीन भी यूजी के इरादे भांप गई थीं तो उन्होंने महेश भट्ट के आगे शर्त रख दी थी कि वो उनका साथ छोड़ दें।