परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) और आप नेता राघव चड्ढा (Raghav Chadha) की वेडिंग की तैयारी हो चुकी है। दोनों के वेडिंग फंक्शन के लिए उदयपुर का लीला पैलेस से लेकर ताज लेक पैलेस को सजा दिया गया है। मेहमान भी लगभग पहुंच गए हैं। कपल 24 सितंबर को शाही अंदाज में सात फेरे लेने वाला है। शादी की रस्मों की शुरुआत चूड़ा सेरेमनी से शुरू भी हो चुकी है। इसी बीच एक्ट्रेस का एक पुराना इंटरव्यू चर्चा में आ गया है, जब उन्होंने अपने ड्रीम पार्टनर के बारे में बताया था। साथ ही पिता को लेकर बड़ा बयान दिया था कि उन्हें पापा के जैसा पति नहीं चाहिए। उन्होंने इसकी वजह भी काफी हैरान करने वाली बताई थी।
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा 24 सितंबर को हमेशा के लिए एक-दूजे के हो जाएंगे। इसी बीच एक्ट्रेस का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जो इंटरनेट पर छाया हुआ है। इसमें एक्ट्रेस ने बताया था कि उन्हें कैसे ड्रीम पार्टनर चाहिए। दरअसल, एक्ट्रेस ने आमिर खान के शो ‘सत्यमेव जयते’ में शिरकत की थी और इस दौरान उन्होंने बताया था कि उन्होंने कई लोगों को ये कहते हुए सुना है कि उनको अपने पिता के जैसा पार्टनर चाहिए। लेकिन परिणीति के साथ ये एकदम विपरीत था।
पिता जैसा नहीं चाहती थीं लड़का
एक्ट्रेस ने बताया था कि वो कभी नहीं चाहती हैं कि उन्हें उनके पिता के जैसा लड़का मिले। उनका ये जवाब सुनकर आमिर खान तक काफी शॉक्ड रह गए थे। इस पर मिस्टर परफेक्शनिस्ट ने सवाल भी किया और पूछा था क्यो? तो उन्होंने बताया था कि क्योंकि उनके डैड काफी सख्त थे। एक्ट्रेस के पिता को भी लगता था कि रोना गलत है। अगर कभी उनके भाई रोते हैं तो वो कहते हैं कि क्या लड़कियों के जैसे रो रहे हैं। उनकी सोच थी कि लड़कों को किचन में आने की इजाजत नहीं है। पिता की ऐसी सोच को लेकर परिणीति का मानना था कि इसमें उनकी गलती नहीं बल्कि ऐसे ही परिवेश में पले-बढ़े हैं। एक्ट्रेस का मानना है कि मर्दों में ईगो होती है।
इसके बाद आमिर ने परिणीति से पूछा कि क्या उनको मर्दों में ईगो पसंद नहीं है? तो इस पर एक्ट्रेस ने जवाब दिया था कि बिल्कुल भी नहीं। उनका मानना है कि अगर कोई मर्द है तो वो भी अपनी फीलिंग्स को एक्सप्रेस कर सकता है और इसमें कोई बुराई नहीं है।
मिल गया परिणीति को उनके सपनों का राजकुमार
खैर, परिणीति चोपड़ा अब शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। उन्हें उनके सपनों का राजकुमार मिल गया है। दोनों एक-दूसरे पर खूब प्यार लुटाते हैं। कपल ने इसी साल मई में सगाई कर अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था। अब इनकी शादी है और इसमें राजनीतिक गलियारों से लेकर बॉलीवुड तक के कई वीवीआईपी सेलेब्स शिरकत करने वाले हैं। अब तो उस पल का फैंस को बेसब्री से इंतजार है जब एक्ट्रेस हमेशा के लिए राघव की हो जाएंगी।