मशहूर गजल गायक पंकज उधास का आज यानी 26 फरवरी को निधन हो गया है। सिंगर ने 73 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके निधन की जानकारी उनकी बेटी नायाब ने सोशल मीडिया पर दी है। वो लंबे समय से बीमार थे। वो उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 दिन पहले अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

उनके निधन से म्यूजिक इंडस्ट्री में गम का माहौल है। पंकज उधास के गानों को हर उम्र के लोग सुनना पसंद करते हैं। पंकज उदास जितने कमाल के गजल गायक थे, उनकी लव स्टोरी भी उतनी ही कमाल की है। चलिए आज उनकी लव स्टोरी के बारे में जानते हैं।

पंकज उधास लव स्टोरी

पंकज उधास की प्रेम कहानी की शुरुआत 70 के दशक में हुई थी। पंकज की शादी 11 फरवरी 1982 को फरीदा से हुई थी। पंकज उधास की उनकी पत्नी फरीदा से पहली मुलाकात उनके पड़ोसी ने ही कराई थी। उस वक्त पंकज ग्रेजुएशन कर रहे थे और फरीदा एयर होस्टेस थीं। पंकज को  फरीदा से पहली नजर में ही प्यार हो गया था। पंकज और फरीदा की पहले दोस्ती हुई। दोनों एक-दूसरे के साथ समय बिताने लगे और जल्द ही एक-दूसरे को दिल दे बैठे। दोनों जल्द ही शादी करने का फैसला लिया, लेकिन  फरीदा का परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं था।

दरअसल, पंकज उधास हिंदू थे और फरीदा पारसी परिवार से ताल्लुक रखती थीं। पंकज का परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार था, लेकिन  फरीदा के पिता इस शादी के खिलाफ थे। लेकिन यहां पंकज दोनों परिवारों की रजामंदी से ही अपना घर बसाना चाहते थे। इसलिए दोनों ने तय की किया जब दोनों परिवार राजी होंगे तभी शादी करेंगे। फिर  फरीदा के कहने पर पंकज उनके घर गए और उनके पिता से अपने रिश्ते की बात की।  फरीदा के पिता रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर थे, इसलिए पंकज बहुत डरे हुए थे, लेकिन पंकज ने अपनी बातों से  फरीदा के परिवार का दिल जीत लिया।  फरीदा के पिता दोनों की शादी के लिए मान गए।

जब गजल सुनते-सुनते रो पड़े थे राज कपूर

‘चिट्ठी आई है’ ‘चांदी जैसा रंग है तेरा’ गीत से पंकज को पॉपुलैरिटी मिली। पंकज ने कई मधुर नगमे और गजलें गाईं। उन्होंने अपनी सबसे पहली स्टेज परफॉर्मेंस लता मंगेशकर के साथ दी थी। पंकज उधास की गजलें सुनकर लोगों की आंखें नम हो जाती थीं। एक बार तो पंकज उधास की गाई ‘चिट्ठी आई है’ गजल राज कपूर को सुनाई, तो वो रो पड़े। उन्होंने कहा कि इस गजल को पंकज से बेहतर कोई दूसरा नहीं गा सकता।