बॉलीवुड के जाने-माने दिवंगत फिल्ममेकर यश चोपड़ा (Yash Chopra) की वाइफ पामेला चोपड़ा (Pamela Chopra) का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने 74 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वो लंबे समय से बीमार चल रही थीं और 15 दिनों से अस्पताल में भर्ती भी थीं। उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, 10 साल पहले 2012 में यश चोपड़ा का निधन हो चुका था।

यश चोपड़ा और पामेला इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल में से एक रहे हैं। आज भले ही ये दुनिया में नहीं हैं, मगर इंडस्ट्री के लिए दिया गया इनका योगदान हमेशा ही याद किया जाएगा। ऐसे में आज हम आपको इस बेहतरीन जोड़े की लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो कि किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं रही है। इस बात को बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि दोनों पहली बार में शादी के लिए एक-दूसरे को रिजेक्ट कर दिया था मगर किस्मत तो कुछ और ही मंजूर था और फिर बाद में उन्होंने सात फेरे ले लिए थे।

यश चोपड़ा रोमांटिक फिल्मों को बनाने के लिए जाने जाते थे। उन्हें इंडस्ट्री का किंग ऑफ रोमांस भी कहा जाता था। अब जब वो खुद ही किंग ऑफ रोमांस थे तो उनकी लव स्टोरी कैसे सिंपल हो सकती थी। उनकी और पामेला की लव स्टोरी बेहद ही दिलचस्प रही है। उन्होंने अरेंज मैरिज की थी पर इनकी मुलाकातें कमाल की रही थीं। चलिए वो भी बताते हैं। पामेला ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि वो अपनी बहनों के साथ क्रिकेट मैच देखने के लिए गई थीं और वहां यश भी मौजूद थे। पामेला की बहनें जोर-जोर से चिल्ला रही थीं और तब यश ने पीछे मुड़कर देखा था। तभी दोनों ने एक-दूसरे को पहली बार देखा था।

पामेला ने इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें क्रिकेट देखने में जरा भी दिलचस्पी नहीं थी फिर वो बहनों के साथ गई थीं क्योंकि वो फिल्म लवर थीं और उन्हें सेलेब्रिटी देखना काफी पसंद था। उन्हें राजकपूर की फिल्में ज्यादा पसंद थी।

गाना गाकर पामेला ने जीता था यश का दिल

क्रिकेट मैदान में यश और पामेला की प्रेम कहानी की शुरुआत नहीं हुई थी। इनके बीच बातचीत तब शुरू हुई जब पामेला यश चोपड़ा की भतीजी के संगीत में पहुंची थीं। इनका परिवार एक-दूसरे को पहले से ही जानता था। सिमी ग्रेवाल उनकी कजिन हैं। पामेला मुंबई गई थीं तो सिमी के घर पर ही रुकी थीं और सिमी को यश ने भतीजी के संगीत कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया था। तभी पामेला वहां गई थीं। संगीत सेरेमनी में उन्होंने देखा कि यश चोपड़ा अपने काम में ज्यादा बिजी थे और इसी बीच संगीत कार्यक्रम में पामेला ने गाना गाया था, जिसने यश का ध्यान खींचा। वो उनके पास आए और उनकी खूब तारीफ की। यही उनकी पहली मुलाकात थी।

एक-दूसरे को शादी के लिए कर दिया था रिजेक्ट

यश चोपड़ा और पामेला चोपड़ा की अरेंज मैरिज हुई थी। उनकी शादी कॉमन फैमिली फ्रेंड और वेटरेन एक्टर रोमेश शर्मा की मां ने करवाई थी। सबसे पहले इनकी शादी की बात यश की भाभी ने शुरू की थी। जब पामेला, यश चोपड़ा से मिली थीं तो इस दौरान दोनों के बीच पहली और दूसरी मुलाकात को लेकर बातें हुई थीं। फिर, इसी बीच उनसे उनके पैरेंट्स ने शादी को लेकर सवाल किया था तो दोनों ने ही एक-दूसरे को रिजेक्ट कर दिया था। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था तो साल 1970 में इनकी अरेंज मैरिज हुई थी।

प्लेबैक सिंगर थीं पामेला चोपड़ा

यश चोपड़ा की पत्नी पामेला चोपड़ा बॉलीवुड की एक शानदार प्लेबैक सिंगर थीं। इतना ही नहीं वो फिल्म राइटर भी थीं। हालांकि, उन्होंने जितनी फिल्मों में गाने गाए थे वो सभी उनके पति यश चोपड़ा की फिल्म थीं। पामेला ने ‘कभी-कभी’ और ‘मुझसे दोस्ती करोगी’ जैसी फिल्मों गाने गाए थे।