पाकिस्तान में एक व्यक्ति को बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के लिए विशेष पेशावरी सैंडल बनाने के कारण जेल में डाल दिया गया। यह सैंडल हिरण की चमड़ी से बनाए गए थे। सैंडल बनाने की बात उस व्यक्ति ने मीडिया को बताई थी। इसके बाद उसे जेल जाना पड़ा। खबरों के अनुसार, अभिनेता शाहरुख खान के पेशावर में रहने वाले रिश्ते के भाई जहांगीर खान पिछले शुक्रवार को जूते बनाने वाले के पास गए थे। उन्होंने अभिनेता के लिए दो जोड़ी पेशावरी सैंडल बनाने को कहा था।
स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जहांगीर खान वास्तव में शाहरुख खान का बड़ा प्रशंसक है, और उसने बॉलीवुड अभिनेता के लिए विशेष तोहफा भेजने का फैसला लिया। उसने अपनी ओर से उनके लिए हिरण की चमड़ी के सैंडल बनाए। खबर फैलने के बाद वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने हमसे संपर्क किया और शिकायत दर्ज करायी। हमें जहांगीर को गिरफ्तार करना पड़ा और अब वह जेल में है।’’
पेशावर में वन्यजीव अधिकारी का कहना है कि जहांगीर हिरण की चमड़ी का सैंडल बना रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारी ने कहा, यदि वह हिरण की चमड़ी का प्रयोग कर रहा था तो उसपर जुर्माना लगेगा और मुकदमा भी चलेगा। शाहरुख खान पाकिस्तान में काफी लोकप्रिय हैं।