जम्मू-कश्मीर की घाटी में मंगलवार की दोपहर दिल दहला देने वाली घटना हुई। आतंकियों ने निहत्थे और मासूमों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। पहलगाम की घाटी में अब तक 28 लोगों के जान गंवाने की जानकारी सामने आई है और करीब 12 लोगों के घायल होने की खबर है। सोशल मीडिया पर इस घटना से संबंधित संवेदनशील फोटोज और वीडियोज सामने आए हैं। इस घटना ने देशभर में आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग मोदी सरकार से इसके बदले जवाबी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इन सबके बीच सोशल मीडिया पर सेलेब्स के भी रिएक्शन देखने के लिए मिल रहे हैं, जिसमें स्टार्स ने इसकी कड़ी निंदा की है। इसी बीच अब फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने 22 साल पुरानी घटना को याद किया है, जब घाटी में हिंदुओं को लाइन में खड़ा करके गोली मारी गई थी। उन्होंने इस घटना से पहलगाम के आतंकी हमले को जोड़ा है।

दरअसल, पहलगाम में आतंकी हमले की खबर सामने आने के बाद फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने एक्स यानी कि ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट में उन्होंने 22 साल पुरानी घटना को याद किया है। विवेक ने अपनी पोस्ट में इस आतंकी हमले की निंदा करते हुए लिखा, ’22 साल पहले, नादिमर्ग में हिंदुओं को लाइन में खड़ा कर गोली मारी गई थी। आज पहलगाम में, पर्यटकों का कत्लेआम किया जाता है। वही खून-खराबा। वही घाटी। वही सन्नाटा।’

इतना ही नहीं, विवेक अग्नीहोत्री अपनी पोस्ट में ‘द कश्मीर फाइल्स’ का भी जिक्र करते हैं और आगे लिखते हैं, ‘द कश्मीर फाइल्स सिर्फ सिनेमा नहीं, ये एक चेतावनी थी। इस नरसंहार को कब तक नजरअंदाज किया जाएगा?’ विवेक ने न्याय के लिए आवाज उठाई है और कहा कि इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

कश्मीर में आतंकियों ने नाम पूछकर मारी गोली

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर कई खुलासे हुए हैं। इसमें पर्यटकों ने बताया कि 3-5 मिनट तक खुलेआम फायरिंग की गई। इस अंधाधुंध फायरिंग में अभी तक 28 लोगों के मरने की खबर सामने आई है और कई घायल भी हुए हैं। घायलों को अनंतनाग के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के दौरान कई महिलाओं ने अपने पति, भाई और पिता को खो दिया। एक महिला द्वारा घटना के बारे में बताया गया कि आतंकियों ने पहले नाम पूछा उसके बाद ये कहते हुए गोली मार दी कि शायद ये मुस्लिम नहीं है। वहीं, एक महिला ने बताया कि कलमा भी पढ़ा रहे थे, जो नहीं पढ़ पाया उसको गोली मार दी। इसके साथ ही एक नवविवाहित शुभम नाम के शख्स को भी गोली मार दी, जिसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। महिला अपने पति के शव के बगल में सदमे में बैठी थी। इसके अलावा हरियाणा के लेफ्टिनेंट की भी मौत की पुष्टि की गई है।

जानकारी के मुताबिक, घाटी में हुए इस हमले में भारतीयों के अलावा दो विदेशी भी हैं। वहीं, दो स्थानीय लोगों की मौत की भी खबर है। NIA की टीम इस आतंकी हमले की जांच में जुट गई है। सर्च ऑपरेशन भी जारी है।

‘शब्द आज नपुंसक हैं…’, पहलगाम में हिंदुओं के साथ हुए नरसंहार पर अनुपम खेर का फूटा गुस्सा, बोले- ‘ऐसा सबक सिखाओ कि…’