घरेलू गैस की बड़ी कीमतों को लेकर फिल्म एक्टर प्रकाश राज ने नाराजगी जताई है। प्रकाश राज ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि अब आप देश को कहेंगे कि घंटी बजाओ। एक्टर के इस ट्वीट पर तमाम यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी है।

प्रकाश राज ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें एक मोहल्ले में महिलाएं अपने घरों के बाहर सिलेंडर रखकर उन्हें चम्मच से बजा रही हैं। वीडियो के साथ एक्टर ने लिखा,”प्रिय सुप्रीम लीडर, आप देश को क्या कहेंगे। घंटी बजाओ? सिर्फ पूछ रहा हूं।” इस ट्वीट पर कई लोगों ने अलग-अलग टिप्पणियां की हैं, वहीं कुछ लोगों ने एक्टर की खिंचाई भी की।

करुणा गोपाल ने लिखा,”तुमने इन महिलाओं को ऐसा करने के लिए कितने पैसे दिए?” सुरेश बनोथ ने लिखा,”सर जब फिल्मों के टिकट मेहंगे हुए तब आप कहां गए थे। 20 रुपये का पॉपकॉर्न मल्टीप्लैक्स में 200 रुपये में मिलता है। वो आपको नहीं दिखता ना, क्योंकि आपको दर्शकों से पैसे जो मिलते हैं।”

विशाल ददलानी ने भी किया ट्वीट: प्रकाश राज के अलावा संगीतकार विशाल ददलानी ने भी गैस की कीमतों पर मजेदार ट्वीट किया है। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें सड़क के किनारे एक पोस्टर लगा है, जिसमें स्मृति इरानी सिलेंडर के साथ बैठी हैं और उनका नाम सिलेंड्रिला लिखा है। इसे शेयर करते हुए विशाल ददलानी ने लिखा,”सिलेंड्रिला, बहुत ही मजेदार है। हालांकि, आत्म-पराजय है, क्योंकि सड़क पर लगभग किसी को भी ये समझ नहीं आएगा।” बता दें कि ये पोस्टर कांग्रेस द्वारा बनाया और सड़क पर लगाया गया है।

विशाल ददलानी के ट्वीट पर आशीष नाम के यूजर ने लिखा,”हमें फर्क नहीं पड़ता अगर दाम 2000 हजार भी पहुंच जाए, हमें बीजेपी ही चाहिए।” गौरव सावंत ने लिखा,”हमें बड़े दामों से भी खुश हैं। किसी कार्टून को पीएम बनने से अच्छा है, पीएम के रूप में मोदी से खुश हैं।”

आपको बता दें कि तेल कंपनियों ने 6 जुलाई को गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी है। बढ़ोतरी घरेलू 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर के लिए की गई है। इस वृद्धि के बाद दिल्ली में अब घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1053 रुपए हो गई है।