अपने दौर की खूबसूरत और सादगी से साथ अपने किरदार में जान फूंकने वाली फिल्म अभिनेत्री नूतन आज यानी 4 जून को 86वां जन्मदिन है। नूतन ने फिल्मों में करीब 40 साल तक काम किया। हिंदी सिनेमा की 70 से अधिक फिल्मों में शानदार अभिनय से दर्शकों का मन मोह लेने वाली नूतन का जन्म जानी मानी एक्ट्रेस शोभना और फिल्म डायरेक्टर कुमार सेन के घर 4 जून 1936 को मुंबई में हुआ था। नूतन ने स्विट्जरलैंड से पढ़ाई पूरी करने के बाद 1950 में मात्र 14 साल की उम्र में बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
खुद को बदसूरत लड़की मानती थीं नूतन: अभिनेत्री नूतन का वजन बचपन से ही काफी कम हुआ करता था, रंग सांवला था और कद ऊंचा। उस दौरान दुबले पतले और सांवले लोगों को बदसूरत समझा जाता था। घर वाले भी नूतन को उनके रंग के चलते खूब ताने मारते थे। जिससे वह बहुत प्रभावित हुईं। बचपन से ही नूतन खुद को सबसे बदसूरत लड़की समझने लगीं और लोगों के सामने आने में असहज महशूस करने लगीं।
नूतन ने यू बदली लोगों की सोच: अपनी पहली फिल्म ‘हमारी बेटी’ से नूतन ने अपनी पहचान बनाई और जो रिश्तेदार ताने दिया करते थे वही अब फोन करके तारीफ कर रहे थे। नूतन ने खुद कहा- जो रिश्तेदार मुझे बदसूरत करते थे, उनकी सोच रातों-रात बदल गई थी। वो कहने लगे थे कि उन्हें मुझ पर गर्व है।
22 किलो वजन बढ़ा कर बनीं मिस इंडिया: फिल्मों में काम करने के दौरान नूतन का वजन बेहद कम हो गया था। ये देखकर उनकी मां शोभना चिंतिंत हो गईं, और उन्होंने नूतन को आगे की पढ़ाई के लिए स्विट्जरलैंड भेज दिया। विदेश में रह कर नूतन ने मात्र एक साल में 22 किलो वजन बढ़ा लिया और भारत आ कर साल 1952 में मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। नूतन ने इसमें मिस मसूरी का खिताब जीता था। और फिर 1956 में महज 16 की उम्र में मिस इंडिया का ताज अपने नाम किया था।
संजीव कपूर को मारा था थप्पड़: नूतन ने अपने दौर के लगभग हर बड़े कलाकार के साथ काम किया है। देवानंद, सुनील दत्त,राजकुमार संग उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया जाता था। नूतन की जोड़ी देवानंद के साथ खूब हिट थी। दोनों ने साथ में ‘पेइंग गेस्ट’, ‘मंजिल’ और ‘तेरे घर के सामने’ जैसी हिट फिल्में दीं। नूतन और संजीव अच्छे दोस्त हुआ करते थे। संजीव और नूतन की दोस्ती बढ़ी तो दोनों के अफेयर की खबरें अखबारों में सुर्खियां बटोरने लगीं। दोस्ती को अफेयर का नाम मिलते देखना नूतन के लिए बर्दाश्त से बाहर था। एक बच्चे की मां बन चुकी अदाकारा को जब ये पता चला कि खुद संजीव कुमार ने ये अफवाह खुद फैलाई है तो उनका पारा और गर्म हो गया। वो सेट पर ही संजीव कुमार को जोरदार तमाचा जड़ दिया था।
अभिनय के लिए जीते पांच फिल्मफेयर अवॉर्ड: नूतन ने अपने बेहतरीन अभिनय के लिए 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते। एक्ट्रेस को देश के प्रतिष्ठित पुरस्कार पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था। नूतन को ‘सुजाता’ ‘नगीना’, ‘हमलोग’, ‘लैला मजनूं’, ‘सीमा’ ,’चंदन’, ‘बंदिनी’ ,’छलिया’, ‘सरस्वतीचंद्र’, ‘मैं तुलसी तेरे आंगन की’, ‘सौदागर’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय के लिए याद किया जाता है।

