भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) आईपीएल 2024 में छाए हुए हैं। आईपीएल (IPL 2024) में चेन्नई के हर मैच धोनी का जलवा कायम है। इसी बीच बीते दिनों क्रिकेटर का एक वीडियो वायरल हुआ था, वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी इलेक्ट्रिक साइकिल चलाते हुए फाल्गुनी पाठक का हिट गाना ‘बोले जो कोयल’ गाते हुए नजर आए थे।

यह गाना सुनते ही फैन उनकी सिंगिंग के मुरीद हो गए थे, क्योंकि उन्होंने पहली बार धोनी को गाना गाते हुए देखा था। ये वीडियो एक इलेक्ट्रिक साइकिल बनाने वाली कंपनी के एड का था।

वीडियो देखने के बाद दावा किया जा रहा था कि वीडियो में धोनी ने खुद ही इस गाने को अपनी आवाज दी है। वहीं इस गाने को गाने वाले सिंगर ने एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर किया है। इस गाने को धोनी ने नहीं बल्कि क्षितिज भाग ने गाया हौ।

क्षितिज भाग ने शेयर किया पोस्ट

क्षितिज भाग ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर धोनी का साइकिल एड वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि “धोनी की तरह गाना किसी चुनौती से कम नहीं था क्योंकि मुझे नहीं पता था कि वह गाएंगे तो कैसा लगेगा। इसलिए मैं उनके शब्दों के उच्चारण के तरीके, उनकी बोलने की पिच, उनके स्वर का अध्ययन किया और कई प्रयासों के बाद, मैं उनकी कल्पित गायन आवाज के सबसे करीब पहुंच सका, लेकिन उन्होंने हमारे देश के लिए जो किया है उसके आसपास भी नहीं! इसलिए मुझे इस अविश्वसनीय विज्ञापन को गाने पर वास्तव में गर्व और विनम्रता महसूस हो रही है।”

क्या था धोनी का वायरल वीडियो

बता दें कि सुरेश रैना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में एमएस धोनी साइकिल चलाते हुए गाना गाते हुए दिखाई दे रहे थे। सुरेश रैना ने कैप्शन में लिखा, ‘ये आपने क्या किया।’दरअसल धोनी साइकिल का एक एड कर रहे थे। इस दौरान धोनी फाल्गुनी पाठक का हिट गाना ‘बोले जो कोयल बागों में’ गाते हुए दिखाई दिए थे। वह जिस साइकिल पर सवार हैं, उसी का एड कर रहे थे। धोनी को गाता देख फैंस हैरान रह गए थे। कुछ फैंस ने इसे 2024 का सबसे अच्छा सरप्राइज बताया था। वहीं कुछ ने धोनी को फाल्गुनी पाठक से बेहतर बताया था।