निरहुआ हिन्दुस्तानी, संघर्ष, बॉर्डर (2018), निरहुआ रिक्शेवाला जैसी फिल्मों में काम कर चुके दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भोजपुरी फिल्मों के जाने-पहचाने स्टार हैं। निरहुआ एक्टिंग और सिंगिंग के साथ-साथ भोजपुरी फिल्में प्रोड्यूस भी करते हैं। ‘चलत मुसाफिर मोह लियो रे’ फिल्म से अपने करियर की शुरुआत करने वाले दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले हैं। वो वर्तमान में भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं। इतना ही नहीं दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ करोड़ों की संपत्ति के भी मालिक हैं।
करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं निरहुआ : 2019 में आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते वक्त दिए गए हलफनामे के मुताबिक निरहुआ 5 करोड़ 93 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक थे। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उस वक्त निरहुआ 1 करोड़ 28 लाख रुपए की चल संपत्ति और 4 करोड़ 60 लाख रुपए की अचल संपत्ति के मालिक थे। इसके अलावा निरहुआ पर 54 लाख रुपए की देनदारी भी थी।
रेंज रोवर और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियों से चलते हैं निरहुआ : चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ पर रेंज रोवर और फॉर्च्यूनर जैसी कारें हैं। निरहुआ ने चुनावी हलफनामे में रेंज रोवर की कीमत 42 लाख और फॉर्च्यूनर की कीमत 10 लाख रुपए बताई थी। इसके अलावा उनके पास पल्सर बाइक भी है। अगर बात आभूषणों की करें तो उनके पास 16 लाख रुपए से ज्यादा की ज्वेलरी है।
करोड़ों की कृषि भूमि के मालिक हैं निरहुआ : चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ के पास लगभग एक करोड़ रुपए की कृषि भूमि है। इसके अलावा उनके पास मुंबई में भी घर है। उनके पास लगभग 3 करोड रुपए के आवासीय भवन हैं। इसके अलावा उनके पास उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में कमर्शियल बिल्डिंग भी है।
अखिलेश यादव के सामने लड़े थे चुनाव : 2019 लोकसभा चुनाव में दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ आजमगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि निरहुआ को सपा के अखिलेश यादव से हार का सामना करना पड़ा था। हाल ही में हुए बिहार के विधानसभा चुनाव में भी निरहुआ ने भाजपा के लिए जमकर चुनाव प्रचार किया। इतना ही नहीं निरहुआ की रैलियों में खूब भीड़ भी उमड़ी थी।