दिसंबर के पहली और दूसरी तारीख को जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में शाही शादी के बाद प्रियंका और निक जोनस ने दिल्ली में अपनी रिसेप्शन पार्टी भी दी थी। प्रियंका की वेडिंग और रिसेप्शन सेरेमनी की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। प्रियंका जहां शादी की तैयारियों में बिज़ी रहीं वहीं वे अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट्स को भी पूरा कर रही हैं। प्रियंका और निक अब अपने हनीमून शेड्यूल की तैयारी कर रहे हैं।
एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक यह कपल न्यू इयर से पहले हनीमून मनाने के लिए स्विट्जरलैंड रवाना होगा। बताया जा रहा है कि दोनों 28 दिसंबर को स्विट्जरलैंड के लिए रवाना होंगे और 10 जनवरी को इस पावर कपल की वापसी होगी। रिपोर्ट के अनुसार, एक हफ्ते के इस वेकेशन में प्रियंका और निक मोंटरियोक्स भी रूकेंगे। इसके बाद न्यू ईयर के लिए वे लेक जेनेवा के रिजॉर्ट टाउन का रुख करेंगे।
प्रियंका अपने हनीमून से पहले सारे पेंडिंग काम निपटा लेना चाहती थी, इसलिए उन्होंने बुधवार को करीना कपूर खान के साथ कॉफी विद करण का एपिसोड शूट किया। इससे पहले वे ईशा अंबानी की शादी में भी नज़र आईं थी। 17 दिसंबर को वे द स्काई इज़ पिंक के नए शेड्यूल के लिए भी शूट करने वाली हैं। इसके साथ ही वे अपनी बंगाली फिल्म नलिनी के पोस्ट प्रोडक्शन को भी सुपरवाइज़ करने वाली हैं। हनीमून से वापस आने के बाद प्रियंका चोपड़ा एक बार ‘द स्काई इज पिंक’ की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगी। गौरतलब है कि ये पावर कपल मुंबई में 19 और 20 दिसंबर को दो रिसेप्शन पार्टी देगा। इसमें पहली पार्टी बिजनस सर्कल के लिए होगी और दूसरी पार्टी इंडस्ट्री-दोस्तों के लिए दी जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार निक का परिवार 18 दिसंबर को रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने के लिए भारत आ सकता है।