इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ट्रेंड चल रहा है, ‘जस्ट लुकिंग लाइक ए वाव’। हर कोई इसपर रील्स बना रहा है। बॉलीवुड से लेकर टीवी इंडस्ट्री को भी इसका चस्का लग चुका है। सबसे पहले दीपिका पादुकोण ने रील बनाई थी जो बहुत वायरल हुई। इसके बाद तमाम टीवी एक्ट्रेसेस के भी वीडियो सामने आए। लेकिन अब ये ट्रेंड हॉलीवुड तक भी पहुंच गया है। दरअसल अमेरिकन सिंगर निक जोनस ने इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा की तस्वीर की इसी अंदाज में तारीफ की है।

निक को लगा इंडियन ट्रेंड का चस्का

प्रियंका चोपड़ा ने करवा चौथ पर निक के लिए व्रत रखा था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर चांद और खुद के लुक की तस्वीर शेयर की है। इसके बाद निक जोनस ने भी प्रियंका चोपड़ा का करवा चौथ लुक शेयर करते हुए लिखा, So Beautiful So Elegant, Just Looking like a wow… निक जोनस की इस स्टोरी का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आपको बता दें कि कॉमेडियन भारती सिंह, कपिल शर्मा की पत्नी गिनी, दृष्टि धामी, दिव्यांका त्रिपाठी समेत कई लोगों ने इस इंस्टाग्राम ट्रेंड पर रील शेयर की है। सभी ने अपने करवा चौथ लुक के साथ इसपर रील बनाकर शेयर की है। भारती और गिनी अपने दोस्तों के साथ करवा चौथ की पूजा के वक्त इसपर डांस करते हुए वीडियो बनाते दिखे। इसके साथ ही दृष्टि ने भी खुद की इस अंदाज में तारीफ करते हुए वीडियो शेयर की है।

दिव्यांका ने अपने पति विवेक दहिया के साथ वीडियो शेयर किया है। जिसमें दिव्यांका लाल जोड़े में करवा चौथ के लिए तैयार दिख रही हैं और उनके पति ‘जस्ट लुकिंग लाइक ए वाव’ कहकर उनकी तारीफ कर रहे हैं।

दीपिका ही नहीं रणवीर ने भी ट्रेंड किया फॉलो

हाल ही में अंबानी परिवार ने देश के सबसे बड़े मॉल जियो वर्ल्ड प्लाजा की ओपनिंग की। इस इवेंट में बॉलीवुड की तमाम हस्तियां शामिल हुई थीं। रणवीर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह माइक लिए किसी की इसी अंदाज में तारीफ कह रहे हैं। सामने ऑडियंस में बैठी नीता अंबानी, दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट समेत उनकी बात पर जोर से हंसते नजर आ रहे हैं।