पंजाबी गानों में अपनी आवाज से जान फूंक देने वाली अफसाना खान पर कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। सिद्दू मूसेवाला हत्याकांड में अफसाना खान को भी शक के घेरे में लेकर NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) ने उनसे करीब 5 घंटों तक पूछताछ भी की। जानकारी के मुताबिक अफसाना खान, मूसेवाला को मिल रही धमकियों के बारे में जानती थीं।

दैनिक भास्कर में छपि खबर के मुताबिक मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी लॉरेंस गैंग और बाकी आरोपियों ने इस बात का खुलासा किया है कि अफसाना खान बंबीहा गैंग की करीबी हैं। वैसे तो अफसाना खान सिद्धू मूसेवाला की मुंह बोली बहन हैं। लेकिन शक जताया जा रहा है कि अफसाना का कनेक्शन सिद्धू मर्डर केस से हो सकता है। अफसाना खान से आगे भी इस मामले में जांच की जा सकती है।

बता दें कि सिद्धू मूसेवाला ने अपना आखिरी गाना भी अफसाना खान के साथ गाया था। हालांकि कुछ कारणों से गाना रिलीज नहीं हो पाया। अफसाना खान ‘यार मेरा तितलियां वरगा’ गाने से सुर्खियों में आईं। इसके बाद उन्होंने बिगबॉस के 15वें सीजन में हिस्सा लिया। हालांकि अपने बर्ताव के चलते अफसाना खान को घर से बाहर होना पड़ा था।

शमिता शेट्टी के साथ हुई थी लड़ाई
बिगबॉस के घर में अफसाना खान की शमीता शेट्टी से बहुत लड़ाई हुआ करती थीं। इस दौरान वो कई ऐसी बातें कहा करती थीं जो आपत्तिजनक हैं। एक एपिसोड में दिखाया गया था जब अफसाना ने हाथ में चाकू लेकर खुद को मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद उन्हें घर से बाहर कर दिया गया था।

कई विवादों में रह चुकी हैं अफसाना खान
अफसाना खान साल 2020 में एक सरकारी स्कूल में विवादित गाना गाने को लेकर खूब चर्चा में रही थीं। इस मामले में उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज हुई थी। इसके अलावा अफनी शादी के समय भी अफसाना काफी सुर्खियों में थीं। अफसाना ने पंजाबी सिंगर साज से शादी की है, लेकिन शादी से ठीक पहले अनु शर्मा नाम की एक महिला ने आरोप लगाया था कि साज उनके पति हैं। इतना ही नहीं महिला ने मोहाली कोर्ट में याचिका दायर करते हुए शादी रोकने की मांग भी की थी।