नेटफ्लिक्स ने रूस में अपनी सेवा निलंबित करने का ऐलान किया है। कंपनी ने रविवार को एक बयान जारी कर रूस में अपनी सेवाएं निलंबित करने के फैसले के लिए ‘जमीनी हालात’ को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, उसने कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी। यह घोषणा टिकटॉक के उस बयान के बाद की गई है, जिसमें कहा गया है कि रूसी उपयोगकर्ताओं को ऐप पर वीडियो साझा करने और दुनिया के अन्य हिस्सों से डाले जा रहे पोस्ट देखने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इससे पहले, अमेरिकन एक्सप्रेस ने भी 6 मार्च को रूस के साथ-साथ उसके सहयोगी बेलारूस में अपना परिचालन निलंबित करने की घोषणा की थी। टिकटॉक ने रविवार को कहा कि रूस में सोशल मीडिया के खिलाफ सरकार की कार्रवाई के जवाब में वहां के उपयोगकर्ताओं को ऐप पर नए वीडियो साझा करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

अनुपम खेर ने 67वें जन्मदिन पर दिखाया अपना नया रूप: आज अनुपम खेर अपना 67वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने जन्मदिन से एक दिन पहले उन्होंने अपनी फुल बॉडी फोटो शेयर कर स्वस्थ रहने का संकल्प लिया है। अपनी कई सारी फोटोज शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, “हैप्पी बर्थडे टू मी! आज मैं अपना 67वां साल शुरू कर रहा हूं, मैं अपने नए रूप के लिए प्रोत्साहित और एक्साइटेड हूं। ये तस्वीरें मेरे धीमी गति के विकास का उदाहरण हैं, जो मैंने पिछले 2 सालों में किया है। इसके अलावा अनुपम ने अपने बॉलीवुड शुरुआत की बातें भी शेयर कीं। अपने कैरियर जर्नी की बातें करते हुए अनुपम खेर ने फैन्स को भी धन्यवाद कहा। बता दें कि, शेयर को हुई फोटोज में अनुपम काफी यंग और फिट नजर आ रहे हैं।

बॉलीवुड में फिर से तहलका मचाएंगे साउथ के सुपरस्टार प्रभास: प्रभास बॉलीवुड में भी अपना जादू बखूबी बिखेर चुके हैं। फिल्म बाहुबली से उनकी फैन फॉलोइंग बॉलीवुड में भी काफी अच्छी हो गई है। बता दें कि फिल्म बाहुबली भारत में कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। अब जल्द ही प्रभास बॉलीवुड में एक और तहलका मचाने जा रहे हैं। जल्द ही प्रभास और अभिनेत्री पूजा हेगड़े की फिल्म राधे श्याम रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। 11 मार्च को ये फिल्म पूरे विश्व में रिलीज होगी। प्रभास की फिल्म कई भाषाओं में रिलीज हो रही है। इस फिल्म का निर्देशन राधा कृष्ण कुमार ने किया है। लव स्टोरी पर आधारित ये फिल्म 2 घंटे 30 मिनट की होगी।

बहन जान्ह्वी के लिए अर्जुन कपूर ने रखी खास पार्टी: कल जान्ह्वी कपूर का बर्थडे था। इस मौके पर पपराज़ी ने उन्हें खुशी कपूर के साथ स्पॉट किया। खास मौके पर उनके भाई अर्जुन कपूर ने अपने घर पर पार्टी ऑर्गनाइज की थी। बर्थडे पर जान्ह्वी अपने नो मेकअप लुक में दिखीं थीं। पार्टी में शनाया कपूर को भी देखा गया था। बता दें कि जान्ह्वी की आने वाली फिल्मों में जेरी, मिली और mr एंड mrs. पाइपलाइन शामिल हैं।

शो के दौरान बिगड़ी सपना चौधरी की तबीयत: हरियाणवी डांसर सपना चौधरी मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक कार्यक्रम के लिए गई थीं। जहां शो के दौरान अचानक उनके पेट में दर्द उठा। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। हालांकि कुछ समय बाद उनकी तबीयत में सुधार आ गया। सपना ने अस्पताल से छुट्टी मांगी और दिल्ली लौटकर अपनी जांच कराने की बात कही।

इंडियाज गॉट टैलेंट में बनेगा नया वर्ल्ड रिकॉर्ड: रिएलिटी शो इंडियाज गॉट टैलेंट के मंच पर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनने जा रहा है। शो के दौरान सालसा डांस फॉर्म में दो प्रतियोगी ऐसा डांस करेंगे कि वह नया विश्व रिकॉर्ड बना देंगे। इस अवसर पर माधुरी दीक्षित और शिल्पा शेट्टी की उपस्थिति में दोनों यह कारनामा करने वाले हैं। हाल ही में इंडियाज गॉट टैलेंट का नया प्रोमो जारी हुआ है। इसमें रिकॉर्ड बनाने वाले दोनों प्रतियोगियों को बैड सालसा डांस करते हुए देखा जा सकता है। दोनों ने पारंपरिक ड्रेस पहन कर बैड सालसा किया है। वहीं शो के जज मनोज मुंतशिर कहते नजर आ रहे हैं, ‘सवा सौ का रिकॉर्ड हैl दूसरी जज शिल्पा शेट्टी खुशी से फूली नहीं समाती हैं। वह कहती हैं, ‘यह रिकॉर्ड इंडियाज गॉट टैलेंट के मंच पर बना है। वहीं माधुरी दीक्षित तालियां बजाती तो संजय कपूर सीटियां बजाते नजर आ रहे हैं। सभी दर्शक प्रतियोगियों के प्रति सम्मान दर्शाते हैं। वर्तमान में यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।