उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सेंगर को कोर्ट से जमानत मिल गई है। इस बात को लेकर तमाम लोगों ने नाराजगी जताई है और सरकार से सवाल किए हैं कि आखिर बलात्कार के दोषी को छोड़ा क्यों गया है। ऐसे में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर भी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक के बाद एक पोस्ट करते हुए सरकार से सवाल कर रही हैं। इतना ही नहीं उन्होंने भाजपा सरकार को बेटियों के लिए नर्क बता दिया है। अब उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए भाजपा सरकार को कौरवों की सभा कहा है।
कुलदीप सेंगर की जमानत पर उन्होंने सवाल करते हुए पूछा है कि अगर किसी नेता की बेटी के साथ ऐसा हुआ होता जो उन्नाव रेप केस पीड़िता के साथ हुआ था तो क्या उसकी सजा भी निलंबित कर दी जाती। नेहा ने जो वीडियो जारी किया है, उसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है, “बलात्कार अगर किसी नेता की बेटी का हुआ होता, क्या तब भी बलात्कारी की सजा निलंबित हो जाती? भाजपा सरकार कौरवों की सभा बन चुकी हैं जहाँ एक दुःशासन महिला को निर्वस्त्र करता है और बाक़ी कौरव ताली बजाते हैं… ठहाके लगाते हैं।”
वीडियो में नेहा कह रही हैं, “क्या ये देश उन्नाव की निर्भया को लावारिस छोड़ देगा? क्या इस देश की बेटियां भी अपनी इस बहन का साथ नहीं देंगी? सरकार तो बेशर्म है ही, क्या देश की जनता भी पांच किलो अनाज के लिए बिक गई है? क्या पांच किलो अनाज बेटियों की इज्जत से बढ़कर हो गया है? क्या उन्हें उन्नाव की रेप पीड़िता के ऊपर होते अत्यातार दिखने बंद हो गए हैं? मैं बोल रही हूं तो अंधभक्त गालियां दे रहे हैं,उन्हें लग रहा है कि भाजपा के पूर्व विधायक की रेप की सजा देश के हित में निलंबित की जा रही है। पूछ रहे हैं कि मेरे पेट में दर्द क्यों हो रहा है। ठीक बात है, अब नौकरी देने के नाम पर अगर कोई मुख्यमंत्री किसी लड़की का हिजाब खींच ले रहा है तो मुझे तकलीफ क्यों हो रही है? वो तो मुख्यमंत्री है, पूरे राज्य का मुखिया है। भाजपा का सहयोगी भी है। अब क्या वो एक बेटी को अपमानित भी नहीं कर सकता। अगर किसी कैबिनेट मंत्री ने हिजाब खींचने की बात पर फूहड़ मजाक करते हुए मुख्यमंत्री का बचाव कर भी लिया तो उसमें क्या गलत किया?”
यह भी पढ़ें: आलिया भट्ट-रणबीर कपूर से शिल्पा शेट्टी और सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल तक, बॉलीवुड सेलेब्स ने यूं मनाया क्रिसमस डे
नेहा सिंह यहां नहीं रुकीं, उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए पूछा कि अगर इन नेताओं के साथ अत्याचार हुआ होता तो क्या तब भी ये लोग हंसते हुए बेटियों का मजाक उड़ाते? उन्होंने पूछा है कि क्या उन्नाव की बेटी के साथ न्याय हुआ है?
यह भी पढ़ें: ‘आप जानवरों की तरह…’, कैलाश खेर के कॉन्सर्ट में बेकाबू हुई ऑडियंस, सिंगर ने बीच में ही रोका शो
अपने नए ट्वीट में नेहा ने भाजपा को पर्यावरण की दीमक तक कह दिया है। नेहा ने ये भी लिखा है कि दिल्ली की निर्भया को जिस क्रूरता से मार दिया गया था, उन्नाव की निर्भया के साथ वही क्रूरता पूरा सिस्टम कर रहा है। अंतर बस ये है कि इस निर्भया को जिंदा रखा गया है।
