दिल्लीवालों को आज चौथी महिला मुख्यमंत्री मिल गई हैं। रेखा गुप्ता ने सीएम के पद की शपथ ले ली है। मगर इस दौरान उनके पुराने ट्वीट वायरल हो रहे हैं जिसमें उन्होंने कई आपत्तिजनक बातें लिखी हैं। एक ट्वीट में तो उन्होंने केजरीवाल को लेकर भी अभद्र पोस्ट किया है। इस पर तंज कसते हुए नेहा सिंह राठौर ने ट्वीट किया है।
लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ”दिल्ली की जनता को बधाई दूँ या हमदर्दी जताऊँ?” इस पोस्ट के साथ लोक गायिका ने रेखा गुप्ता के कुछ पुराने ट्वीट्स का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इन स्क्रीनशॉट्स में वो ट्वीट भी शामिल है जो रेखा गुप्ता ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर किया था।
19 फरवरी की रात रेखा गुप्ता को दिल्ली का सीएम घोषित किया गया और 20 फरवरी को रेखा गुप्ता ने सीएम पद की शपथ ले ली। रेखा गुप्ता ने साल 2016 से 2019 के बीच एक्स अकाउंट पर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कई अभद्र ट्वीट्स किए थे। 14 मार्च को एक ट्वीट करते हुए रेखा गुप्ता ने लिखा था, ”दिल्ली तेरे बाप की नहीं है जो तू यहां मुख्यमंत्री बनकर बकवास कर रहा है।”
जबसे रेखा गुप्ता का नाम सीएम पद के लिए सामने आया है तबसे उनके अकाउंट्स से कई विवादित ट्वीट्स डिलीट किए जा चुके हैं हालांकि लोगों ने पहले ही स्क्रीनशॉट्स वायरल करना शुरू कर दिया।
सिर्फ नेहा सिंह राठौर ने ही नहीं बल्कि AAP नेता और द्वारका के पूर्व विधायक विनय मिश्रा ने भी रेखा गुप्ता के ट्वीट्स को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स अकाउंट पर लिखा है, ”दिल्ली की नई मुख्यमंत्री महोदया से मिलिए, यही तो संस्कार और योग्यता दिया है इनकी पार्टी ने, रक्षा करना प्रकृति अब दिल्ली का, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की राजधानी की मुख्यमंत्री महोदया की यह भाषा है।”
इंतजार खत्म! आ गया बॉबी देओल की ‘आश्रम 3’ के पार्ट-2 का ट्रेलर
कौन हैं रेखा गुप्ता?
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बीजेपी से लंबे समय से जुड़ी हैं लेकिन वो बड़ा नाम नहीं रही हैं। रेखा ने साल 2015 और साल 2020 के विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से इलेक्शन लड़ा मगर वो दोनों ही चुनाव हार गईं। साल 2023 में रेखा शैली ओबरॉय के खिलाफ मेयर के चुनाव में भी उतरीं मगर वहां भी उनके हिस्से हार आई। किसे पता था 2 साल पहले मेयर का चुनाव हारने वाली रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनकर दमदार वापसी करेंगी।