‘यूपी में का बा’ (UP Mein ka Ba) से चर्चा में आई लोक गायिका नेहा सिंह राठौर (Neha Singh Rathore) अक्सर अपने गानों की वजह से हैडलाइन्स में बनी रहती हैं। वो अपना कोई ना कोई वीडियो शेयर कर केंद्र और यूपी सरकार पर निशाना साधते हैं। अपने गाने की वजह से ही वो बीते कुछ दिनों पहले ही काफी कॉन्ट्रोवर्सी में रह चुकी हैं। यहां तक कि उनकी बेबाकी की वजह से पति तक की नौकरी चली गई। अब मामला शांत था कि इसी बीच नेहा सिंह ने एक बार फिर से केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर कहा था कि ‘कईसे बनईबाऽ 2024 में सरकार..!’ साथ ही गाने में पीएम मोदी के 15 लाख के वादे को लेकर भी तंज कसा है।

नेहा सिंह राठौर ने अपना लेटेस्ट वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। इसे शेयर करने के साथ ही सिंगर ने लिखा, ‘कईसे बनईबाऽ 2024 में सरकार..!’ सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में नेहा को गाते हुए सुना जा सकता है कि ’15 लाख जबले खाता में आई ना चौकीदार… कईसे बनईबाऽ 2024 में सरकार..! जबले OPS (ओल्ड पेंशन स्कीम) लागू ना करबा ए लमरदार…कईसे बनईबाऽ 2024 में सरकार..!’ इसके साथ ही उन्होंने अपने गाने में नीरव मोदी, ललित मोदी और अंबानी का भी जिक्र किया।

इसी तरह नेहा अपने ही अंदाज में गाने को गाते हुए नजर आ रही हैं। वो हमेशा की तरह ही केंद्र सरकार पर इस वीडियो में भी जमकर निशाना साध रही हैं। वैसे आपको बता दें कि वो केंद्र सरकार पर तंज कसने का एक भी मौका नहीं जाने देती हैं।

गांव की बदहाली पर नेहा ने गाया था पहला गाना

नेहा सिंह राठौर ने हाल ही में अपने करियर (Neha Singh Rathore Career) के बारे में दैनिक जागरण को दिए इंटरव्यू में बताया। नेहा ने बताया कि उन्होंने गायिकी में अपने करियर की शुरुआत परिवार के खिलाफ जाकर किया था। उन्होंने गायिकी में अपनी ट्रेनिंग कोलकाता से ली थी और उनका पहला गाना गांव की बदहाली पर था। सिंगर ने अपना पहला गाना गांव की सड़क की जर्जर हालत पर लिखा था। इसके बाद उनका सफर शुरू हुआ था।