Neetu Kapoor, Rishi Kapoor Love Story: नीतू कपूर और ऋषि कपूर की सुपरहिट जोड़ी जब जब स्क्रीन पर आई फैंस ने दोनों के बीच की कैमेस्ट्री को बहुत पसंद किया। फिर ऋषि कपूर और नीतू कपूर का मूड आपस में कैसा भी रहा हो, लेकिन एक बार कैमरा ऑन हुआ तो फिर स्क्रीन पर सिर्फ कपल की रोमांटिक जोड़ी मैजिक ही बिखेरती थी। ऐसा भी हुआ है जब ऑफ स्क्रीन ऋषि कपूर और नीतू कपूर की जबरदस्त लड़ाई हुई हो या मनमुटाव रहा हो, पर स्क्रीन पर दोनों ने अपने तनाव को अपने चेहरों पर कभी नहीं आने दिया।
ऐसा ही एक किस्सा नीतू कपूर साझा करती हैं। नीतू कपूर बताती हैं कि एक बार एक फिल्म के सेट पर ऋषि कपूर से उनकी बातचीत नहीं हो रही थी। ये फिल्म थी- ‘झूठा ही सही’। इस फिल्म का एक गाना था-जीवन के गर मोड पे मिल जाते हैं हमसफर। गाने की शूटिंग चल रही थी। कैमरा ऑन हुआ और वह दोनों ऐसे साथ हंसते खेलते रोमांस कर रहे थे जैसे कि दोनों आपस में बहुत खुश हैं। वहीं जैसे ही कैमरा ऑफ हुआ तो दोनों अलग हो गए।
एक्ट्रेस ने बताया-हमने साथ डांस का शॉट दिया। हम खुश दिख रहे थे गाना बज रहा था। लेकिन अंदर से हम एक दूसर से नाराज थे। फिर मैं मेकअप रूम में जाकर रोने लग गई।’ ऋषि कपूर ने भी एक बार एक इवेंट के दौरान यही स्टोरी सुनाई थी।
जिसमें ऋषि कपूर ने कहा था- ‘झूठा कहीं का, का एक गाना था जो कि हम पिक्चराइज कर रहे थे तो मैं और नीतू बिलकुल बात ही नहीं कर रहे थे। हमारा झगड़ा हो गया था। 4 दिन लगे उस गाने को पिक्चराइज करने में। और एक दिन न उसने मुझसे न मैंने उससे बात की। कोई हाई हेल्लो नहीं हुआ। लेकिन जब आप पर्दे पर देखेंगे तो आपको लगेगा ही नहीं कि कुछ हुआ ही नहीं, और दोनों कितना प्यार में हैं।’
नीतू कपूर ने हाल ही में एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम से फैंस के साथ शेयर किया है जिसमें तीन वीडियो का कोलाज बना हुआ है। एक वीडियो में ऋषि कपूर तो दूसरे वीडियो में नीतू कपूर सेम कहानी बयां करती नजर आती हैं।
बताते चलें, नीतू और ऋषि कपूर ने साल 1980 में शादी की थी। दोनों ने एक-दूसरे को शादी से पहले पांच साल तक डेट किया था। दोनों पहली बार फिल्म ‘जहरीला इंसान’ में एक साथ नजर आए थे।