टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा हर भारतीय की जुबान पर हैं। उनके कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसे देख लोग उनकी तारीफ़ करते नहीं थक रहे। नीरज की स्मार्टनेस पर भी काफी बातें हो रही हैं। लोग कह रहे हैं कि वो इतने हैंडसम हैं उन्हें फ़िल्मों में भी ट्राई करना चाहिए। नीरज सोमवार को जब भारत लौट आए तो उनसे यही सवाल किया गया जिसका उन्होंने जवाब भी दिया है। नीरज से शादी को लेकर भी सवाल पूछा गया।
एबीपी न्यूज के एंकर ने नीरज चोपड़ा से सवाल किया, ‘आपकी फिटनेस को लेकर सभी लोग बात कर रहे हैं कि फ़िल्म स्टार टाइप का लड़का लगता है ये, बड़ा स्मार्ट है। क्या अपने कभी फ़िल्मों में किस्मत आजमाने का सोचा है?’
जवाब में नीरज ने कहा, ‘नहीं, ऐसा कुछ दिमाग में नहीं है। अपना गेम खेलना है और इसी पर फोकस करना है।’ जब 23 वर्षीय खिलाड़ी से पूछा गया कि क्या उनका शादी का कोई प्लान है तो वो हाथ जोड़कर मुस्कुराते हुए बोले, ‘नहीं, नहीं, थैंक्यू।’
स्वागत है सूरमा | स्मार्ट तो हैं ही नीरज चोपड़ा, क्या फिल्मों में भी जाने का मन है?@Neeraj_chopra1 से Exclusive बात की @vikasbha से@ShobhnaYadava के साथ LIVEhttps://t.co/smwhXUzF4C pic.twitter.com/DKh6IBsafs
— ABP News (@ABPNews) August 9, 2021
बता दें, टोक्यो से आज सभी भारतीय खिलाड़ी स्वदेश लौट आए। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके स्वागत का भव्य इंतजाम किया गया। बड़ी संख्या में एयरपोर्ट के बाहर मौजूद फैंस ने अपने खिलाड़ियों का खुले दिल से स्वागत किया। पदक विजेताओं को स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की तरफ से मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में सम्मानित भी किया गया।
भारत को टोक्यो ओलंपिक में इस बार 7 मेडल मिले हैं जो अब तक का भारत का श्रेष्ठ प्रदर्शन है। नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में देश के लिए 13 सालों बाद गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले साल 2008 में अभिनव बिंद्रा ने निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं मीरा बाई चानू ने टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर इस बार के ओलंपिक में भारत का खाता खोला था।
रवि दहिया ने कुश्ती में देश के लिए सिल्वर मेडल जीता और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। लवलीना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता वहीं बजरंग पूनिया को फ्रीस्टाइल कुश्ती में ब्रॉन्ज मिला। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को 41 सालों बाद कोई ओलंपिक मेडल (कांस्य पदक) दिलाया।