रणवीर सिंह (Ranveer Singh) और आलिया भट्ट (Alia Bhatt) स्टारर फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ (Rocky Aur Rani Kii Prem Kahani) का एक-एक सीन काफी चर्चा में रहा है। इसमें एक्टर को अमीर दिखाया गया है, जिसके पास करोल बाग में एक आलीशान बंगला और मिठाई की दुकान होती है। इसमें रणवीर और आलिया की केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था। इसी बीच अब खबर है कि जिस बंगल में फिल्म की शूटिंग हुई थी वहीं एक 55 साल के शख्स अशोक यादव का कत्ल हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि उनके बेटे के ससुर शेखर ने गोली मार दी। इस मामले में 150 लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
55 साल के अशोक यादव की हत्या के केस में पूछताछ जारी है। वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे कैमरामैन से पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी शेखर, उसके भाई, बेटों समेत 8 लोगों के खिलाफ इस मामले को दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इसके अलावा अगर, ‘रॉकी और रानी’ के बंगले ‘रंधावा मेंशन’ की बात की जाए तो ये ग्रेटर नोएडा में स्थित है। इसमें ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की शूटिंग की गई थी। ये अंदर से काफी आलीशान है। ये घर नोएडा से 10 किमी की दूरी पर स्थित है और गौर चौक से इसकी दूरी 7 किमी है। वहीं, NH-8 से 7.8 किमी दूर है। बता दें इस आलीशान महल का नाम गौर मलबेरी मैंशन है, जो ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर 1 में स्थित है। मनोज गौर इसके मालिक हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो करण जौहर ने इसमें फिल्म की शूटिंग के लिए दो लाख रुपए दिए थे। इसके आस-पास की जगह काफी हरी-भरी है। ये देखने में बेहद ही खूबसूरत है। जाहिर सी बात है कि फिल्म में भी इसकी सुंदरता की झलक आपने देखी ही होगी। इसकी कीमत करोड़ों में है।
क्या है मामला? जानिए हत्या की वजह
वहीं, अगर ‘रंधावा मेंशन’ में शख्स की हत्या पर नजर डाली जाए तो ये सोमवार रात का मामला है। उस दिन फार्म हाउस में होशियारपुर गांव के रहने वाले विनोद यादव की बेटी की शादी थी। इसमें विनोद ने दोस्त प्रधान अशोक यादव को भी बुलाया था। वहीं, अशोक के समधी शेखर ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। अशोक के बेटे की शादी शेखर की बेटी से हुई है।
रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि पिछले दो साल से शेखर की बेटी ससुराल नहीं गई। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत हुई, लेकिन बात नहीं पाई। इनके बीच रंजिश चल रही थी। इन विवादों के बीच इस घटना को अंजाम दिया गया। अशोक की हत्या के बाद से ही शेखर फरार है। पुलिस दिल्ली और हरियाणा में दबिश दे रही है।