‘शक्तिमान’ का किरदार निभाने वाले लोकप्रिय अभिनेता मुकेश खन्ना एक बार फिर बड़े पर्दे पर आने की तैयारी में है। बीते दिनों उन्होंने शक्तिमान पर फिल्म का ऐलान किया था। इसी बीच एक वीडियो में उन्होंने तमाम स्टार्स के प्रशंसकों को सलाह दी है।

मुकेश खन्ना कहते हैं कि वो छोटे-बड़े सभी स्टार्स के प्रशंसक हैं। प्रशंसक ही हैं, जिनकी वजह से स्टार का नाम होता है। उनके भी फैंस हैं, जिनसे वो बात करते हैं और यूट्यूब चैनल भी उनके फैंस को समर्पित है। लेकिन किसी भी स्टार को भगवान समझ लेना सही नहीं है।

स्टार को भगवान ना समझो: उन्होंने कहा कि प्रशसंक होना अच्छी बात है, लेकिन कुछ फैंस हदें पार कर जाते हैं। जिससे स्टार्स को भी परेशानी होती है। जैसे कि कई फैंस स्टार्स से मिलने के लिए उनके बंगले तक में घुसने की कोशिश करते हैं। चाहें सलमान खान हों, शाहरुख या अमिताभ बच्चन हों। उनको पूजना गलत है। ऐसा करना स्टार्स से ज्यादा फैंस की जिंदगी पर असर डालता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्टार को पसंद करो, उनसे कुछ सीखो लेकिन किसी से ये मत कहो कि वो आपके भगवान हैं। क्योंकि वो भगवान नहीं हैं और आप उनके भक्त नहीं हैं।

जो लड़कियां स्टार्स को कहती हैं कि मैं आपको चाहती हूं और अगले जन्म में भी आपको ही चाहूंगी। पहले इस जन्म में खुद पर काबू करें। स्टार्स की भी अपनी लाइफ होती है, उनका परिवार और बच्चे होते हैं। आप कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि वो आपको ऐसी बातों का जवाब देंगे।

खासकर लड़कियों को लेकर एक्टर ने कहा कि कभी किसी से ये मत कहिए की आप उनके बगैर नहीं रह सकती हैं, हो सकता है वो आपको मिलने बुला ले। पहले मिलना होगा और हो सकता है बाद में आपका शोषण भी हो जाए। लड़कियां मीरा नहीं है और मैं कृष्ण नहीं हूं।

आगे उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनसे मिलने सीधा उनके ऑफिस पहुंच जाते हैं, जिनसे वो नहीं मिलते। अगर कोई उनसे मिलने की सही वजह बताकर उनसे मिलने जाता है, केवल तभी मिलते हैं। इसके साथ ही उन्होंने टीनएज वालों को सुझाव देते हुए सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करने को कहा है।