Happy Birthday Mrunal Thakur: टीवी से बॉलीवुड तक का सफर तय कर चुकी मृणाल ठाकुर 1 अगस्त को 31 साल की हो गई हैं। मृणाल ने फिल्मों में अपनी अच्छी खासी पकड़ बना ली है, लेकिन एक समय ऐसा था जब मृणाल के मन में आत्महत्या के ख्याल आने लगे थे। इसके बारे में खुद मृणाल ने एक इंटरव्यू में बताया था। स्ट्रगल के दिनों में एक्ट्रेस के मन में कई बार आत्महत्या के ख्याल आए थे।
टूट गई थीं मृणाल ठाकुर
मृणाल ठाकुर ने बताया था कि जब वह एक्ट्रेस बनने मुंबई आई थीं, लंबे समय तक उन्हें काम नहीं मिला। वह अकेली थीं और कई बार वह इतनी परेशान हो जाती थीं कि उनके मन में सुसाइड के ख्याल आते थे। एक्ट्रेस ने बताया कि एक बार वह अंदर से टूट गई थीं, लेकिन वह बिना कुछ हासिल किए वापस घर नहीं लौटना चाहती थीं।
मृणाल ने पत्रकारिता की पढ़ाई की है। जिसके बाद उन्होंने एक्टिंग लाइन में आने का मन बना लिया। मृणाल ने अपने करियर की शुरुआत साल 2012 में टीवी सीरियल ‘मुझसे कुछ कहती ये खामोशियां’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कुछ और सीरियल भी किए, लेकिन पहचान उन्हें लोकप्रिय टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’ से मिली।
ऐसे हुई बॉलीवुड में एंट्री
मृणाल ठाकुर की एक्टिंग का सफर टीवी तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने फिल्मों में भी एंट्री ली। साल 2018 में मृणाल ने इंडो अमेरिकन फिल्म ‘लव सोनिया’ में डेब्यू किया। उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया। इसके बाद एक्ट्रेस के करियर ने ऊंचाई तब छुई, जब उन्हें ऋतिक रोशन के साथ काम करने का मौका मिला।
मृणाल ने फिल्म ‘सुपर 30’ में ऋतिक के साथ काम किया और उन्हें खूब पसंद किया गया। इसके बाद वह ‘जर्सी’ में शाहिद कपूर के साथ नजर आईं। वह हाल ही में ‘लस्ट स्टोरीज 2’ में नजर आ रही हैं।