‘फगली’ स्टार मोहित मारवाह ने सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट अंतरा मोतीवाला से यूएई में शादी की है। इस शादी में बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारों ने शिरकत की। मोहित की शादी में कजिन अर्जुन कपूर, सोनम कपूर, रेहा कपूर, शनाया कपूर, अनिल कपूर, संजय कपूर ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वहीं श्रीदेवी और उनकी फैमिली भी मोहित और अंतरा की शादी में शरीक होने पहुंची। श्रीदेवी के साथ उनके पति बोनी कपूर और दोनों बेटियां खुशी कपूर -जह्नवी कपूर भी मौजूद रहे।
इसके अलावा मोहित की शादी में जया बच्चन भी पहुंची। इतना ही नहीं, शादी की खुशी में जया ने डांस भी किया। शादी में जया बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे। जया बच्चन को मोहित की शादी में डांस फ्लोर पर डांस करते हुए देखा गया। जया का डांस वाला वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। जया वीडियो में गोल्डन कलर का ड्रेस पहने हुए हैं और इस दौरान वह ‘गोरिया चुरा ना मेरा जिया’ गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं।
बता दें, बॉलीवुड एक्टर मोहित मारवाह ने 20 फरवरी को गर्लफ्रेंड अंतरा मोतीवाला के साथ सात फेरे ले लिए। शादी से एक दिन पहले 19 फरवरी को मोहित और अंतरा की मेहंदी और संगीत सेरेमनी रखी गई थी। शादी में करण जौहर, आथिया शेट्टी और करिश्मा कपूर भी शामिल हुईं। सारे सितारों ने इस शादी में जम कर डांस किया। मोहित के कजिन अर्जुन तो बारात में भी अनिल कपूर के साथ नाचते हुए आए। वहीं करण जौहर ने भी मोहित की शादी में पैर थिरकाए।


