मिस वर्ल्ड का खिताब चेक रिपब्लिक की क्रिस्टीना पिजकोवा ने अपने नाम कर लिया है। भारत की सिनी शेट्टी का सपना टूट गया है और उनके साथ करोड़ों भारतीय भी मायूस हैं। सिनी शेट्टी ने टॉप 8 तक अपनी जगह बना ली थी, सभी मानकर चल रहे थे कि इस बार ये खिताब भारत आने वाला है, लेकिन जब टॉप 4 का ऐलान किया गया, सिनी पिछड़ गईं और वे ये खिताब नहीं जीत पाईं।

अब क्रिस्टीना ने तो ये खिताब अपने नाम किया है, वहीं लेबनान की यास्मीना फर्स्ट रनरअप बनी हैं। वे भी जीतने की दौड़ में काफी आगे चल रही थीं और क्रिस्टीना को सबसे कड़ी टक्कर भी उनसे ही मिली। लेकिन अंत में जूरी ने क्रिस्टीना के पक्ष में फैसला सुनाया और चेक रिपब्लिक की मॉडल ने इतिहास रच दिया। वैसे पिछली बार भी मिस वर्ल्ड का खिताब भारत आने से चूक गया था। तब पोलैंड की कैरोलिना बिलावस्का ने वो ताज पहना था।

इस बार के मिस वर्ल्ड में कुल 120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कई राउंड हुए थे, कई मुश्किल सवाल हुए थे, कई तरह की चुनौतियों से पार पाना था, लेकिन अंत में चेक रिपब्लिक की क्रिस्टीना पिजकोवा ने स्वर्णिम अक्षरों से अपना नाम लिखवाया और मिस वर्ल्ड का ताज भी उनके साथ गया।

वैसे मिस वर्ल्ड का ताज कुल 6 बार भारत भी आया है। सबसे पहले 1966 में रीता फारिया ने ये खिताब जीता था, फिर 1994 में ऐश्वर्या राय भी मिस वर्ल्ड बनीं। इसके बाद 1997 में डायना हेडन ने भी अपना नाम इतिहास में लिखवाया। 1999 में फिर भारत का ही जलवा रहा और युक्ता मुखी मिस वर्ल्ड बनीं। अगले ही साल 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने भी मिस वर्ल्ड अपने नाम किया और फिर बॉलीवुड और हॉलीवुड की बड़ी स्टार बन गईं। 17 साल बाद 2017 में मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड फिर भारत लाने का काम किया।